रोहतक में SDO रिश्वत लेते गिरफ्तार, एनओसी देने के बदले मांगी थी घूस, ACB ने रंगे हाथ दबोचा

punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 09:35 PM (IST)

रोहतक : रोहतक में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एक अधिकारी को ₹1.25 लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हरियाणा (विजिलेंस) की टीम ने की।

जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड में कार्यरत SDO मंजीत सिंह निवासी झज्जर के रूप में हुई, जिसने एक कंपनी को एनओसी देने के नाम पर रिश्वत की मांग की थी। दिल्ली के कंपनी मालिक ने एसीबी को दी शिकायत में बताया कि झज्जर जिले में फैक्ट्री के लिए एनओसी चाहिए थी, जिसकी एवज में एसडीओ मंजीत ने रिश्वत की मांग की। 

शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता ने आरोपी अधिकारी को रकम सौंपी, जिसके तुरंत बाद टीम ने मौके पर छापा मारकर उसे रिश्वत की राशि सहित गिरफ्तार कर लिया।

इस कार्रवाई के बाद विभागीय कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी अधिकारी पिछले कुछ समय से उद्योगों पर दबाव बनाकर अवैध वसूली कर रहा था। प्रशासन ने साफ किया है कि राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें) 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static