चंद पैसों के लिए बेचा ईमान...Haryana में फायर ब्रिगेड का कर्मचारी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, विजिलेंस टीम ने दबोचा

punjabkesari.in Tuesday, Aug 04, 2026 - 05:37 PM (IST)

बहादुरगढ़ (प्रवीण कुमार) : हरियाणा स्टेट विजिलेंस ब्यूरो की रोहतक टीम ने मंगलवार को बहादुरगढ़ के सेक्टर-17 HSIIDC स्थित अग्निशमन कार्यालय में तैनात HKRN कर्मी एवं फायरमैन श्रीभगवान को 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं महम शुगर मिल के मैनेजिंग डायरेक्टर मुकुल कुमार की मौजूदगी में की गई।

जानकारी के अनुसार, बादली क्षेत्र के पास 14 जुलाई को केएमपी एक्सप्रेसवे पर चुलकाना निवासी अजीत की ऑल्टो-800 कार में आग लग गई थी। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। इसके बाद अजीत जब कार जलने की रिपोर्ट और एनओसी लेने अग्निशमन कार्यालय पहुंचा तो आरोपी श्रीभगवान ने रिपोर्ट तैयार करने के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। बाद में दोनों के बीच 8 हजार रुपये में सौदा तय हुआ।

शिकायतकर्ता अजीत 27 जुलाई को आरोपी को 2 हजार रुपये दे चुका था। इसी बीच अजीत ने हरियाणा स्टेट विजिलेंस से शिकायत कर दी।

शिकायत के आधार पर निरीक्षक रामचंद्र के नेतृत्व में विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया। मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में आरोपी श्रीभगवान को 3 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। विजिलेंस टीम ने रिश्वत की राशि बरामद कर आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)                


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static