दूसरे हैंड ग्रेनेड ने बढ़ाई STF की टेंशन, कुरुक्षेत्र से पकड़ा आरोपी बार-बार बदल रहा बयान

punjabkesari.in Saturday, May 16, 2026 - 01:24 PM (IST)

कुरुक्षेत्र, (कपिल शर्मा) : शाहाबाद के मोटर यार्ड में स्कोडा कार से बरामद चीनी हैंड ग्रेनेड मामले में STF की जांच लगातार उलझती जा रही है। तीन दिन बीतने के बाद भी जांच एजेंसियां दूसरे हैंड ग्रेनेड का कोई सुराग नहीं लगा पाई हैं। वहीं गिरफ्तार आरोपी सूर्यप्रताप उर्फ नोनी राणा पूछताछ में लगातार गोलमोल जवाब देकर STF को उलझा रहा है।

शनिवार को नोनी राणा का पुलिस रिमांड खत्म हो रहा है। ऐसे में STF उसे दोबारा अदालत में पेश कर रिमांड बढ़ाने की तैयारी में है। जांच एजेंसियों का मानना है कि जब तक दूसरा हैंड ग्रेनेड और उसे ले जाने वाले व्यक्ति का पता नहीं चलता, तब तक पूरे नेटवर्क का खुलासा संभव नहीं होगा। पुलिस सूत्रों के अनुसार पूछताछ के दौरान नोनी राणा लगातार एक ही कहानी दोहरा रहा है। उसने STF को बताया कि उसे विदेश से मैसेज के जरिए सूचना मिली थी कि ईंट भट्ठे के पास दो हैंड ग्रेनेड रखे हुए हैं और उसे वहां से एक ग्रेनेड उठाना है।

नोनी राणा का दावा है कि जब वह बताए गए स्थान पर पहुंचा तो वहां केवल एक ही ग्रेनेड मिला। उसका कहना है कि दूसरा ग्रेनेड उससे पहले कोई अन्य व्यक्ति उठा चुका था। हालांकि STF को उसकी इस कहानी पर पूरी तरह भरोसा नहीं है और इसी कारण उससे लगातार सख्ती से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां अब तक उस स्थान की सटीक निशानदेही भी नहीं करवा पाई हैं, जहां से आरोपी ने ग्रेनेड उठाने की बात कही है। नोनी राणा द्वारा बताई गई विभिन्न लोकेशनों पर STF की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

STF की सबसे बड़ी चिंता दूसरा हैंड ग्रेनेड है। अधिकारियों का मानना है कि यदि वह किसी गलत हाथ में पहुंच गया तो बड़ा खतरा पैदा हो सकता है। इसी वजह से कई टीमें तकनीकी जांच और छापेमारी में जुटी हुई हैं। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि जिस दिन नोनी राणा ग्रेनेड लेने गया था, उस दिन उसके संपर्क में कौन-कौन लोग थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि अंबाला के सैनी माजरा निवासी सागर सैनी और कुरुक्षेत्र के दबखेड़ी निवासी प्रगट विदेश में बैठकर गैंग ऑपरेट कर रहे हैं। दोनों को लखबीर सिंह लांडा गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है। वहीं तंगौर गांव निवासी सूर्यप्रताप उर्फ नोनी राणा लंबे समय से इनके संपर्क में था।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static