हुड्डा के गढ़ में सैलजा की सफाई, कांग्रेस में सीएम पद की नहीं जनहित की लड़ाई
punjabkesari.in Friday, Jul 21, 2023 - 04:29 PM (IST)

रोहतक(दीपक भारद्वाज): पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गढ़ में शक्ति प्रदर्शन करने पहुंची कुमारी सैलजा ने इशारों इशारों में हुड्डा को नसीहत देते हुए स्पष्ट कर दिया है कि कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद की लड़ाई नहीं बल्कि जनता के हित की लड़ाई होती है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद का फैसला हाईकमान करेगा। इसके साथ ही उन्होंने मणिपुर हिंसा को लेकर कहा कि मणिपुर में शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुछ नहीं भी बोल रहे हैं। वहीं उन्होंने राहुल गांधी के मानहानि मामले में को लेकर कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गढ़ रोहतक में कांग्रेस नेत्री कुमारी सैलजा ने पूर्व मंत्री सुभाष बत्रा और कृष्णमूर्ति हुड्डा के साथ मिलकर शक्ति प्रदर्शन किया। यही नहीं कुमारी सैलजा के कार्यक्रम में उनके मंच से भावी मुख्यमंत्री के नारे भी लगे। कांग्रेस में बने गुट और मुख्यमंत्री की होड़ में लगे नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद की लड़ाई नहीं है, बल्कि जनता के हितों की लड़ाई के लिए कांग्रेस जानी जाती है।
इसके अलावा कांग्रेस नेत्री ने कहा कि प्रत्येक वर्ग और जाति के लोगों से मिलकर कांग्रेस बनी है। ऐसे में मुख्यमंत्री पद की लड़ाई छोड़ लोगों के मुद्दे उठाने चाहिए। मुख्यमंत्री पद का फैसला केवल हाईकमान करेगा और यह उन लोगों को समझ जाना चाहिए। उन्होंने भूपेंद्र सिंह हुड्डा को इशारों इशारों में संदेश दिया कि कांग्रेस में नेताओं का फैसला जनता करती है। कुमारी सैलजा आज पुरानी आईटीआई मैदान में मदन लाल धींगरा कम्युनिटी सेंटर में एक कार्यक्रम में शिरकत करने के पहुंची थी।
इस दौरान उन्होंने मणिपुर में हुई हिंसा में महिलाओं के वायरल हो रहे वीडियो पर भी प्रतिक्रिया देते हुए, इसे शर्मनाक घटना बताया है। उन्होंने कहा कि पूरे विश्व में इस घटना को लेकर चर्चाएं हैं। ऐसे में भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस विषय पर कुछ भी नहीं बोल रहे हैं। तुरंत मणिपुर सरकार को डिसमिस कर देना चाहिए। उन्होंने मांग की है कि सरकार तुरंत इस पर फैसला ले और दोषियों को गिरफ्तार कर सजा दी जाए। वहीं राहुल गांधी के मानहानि मामले में उन्होंने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर विश्वास है। फैसला राहुल गांधी के हक में आएगा।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)