हरियाणा के नए एडवोकेट जनरल बने वरिष्ठ वकील पवन कुमार मुटनेजा, संभाला पदभार
punjabkesari.in Saturday, Aug 22, 2026 - 01:56 PM (IST)
चंडीगढ़(धरणी): पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता पवन कुमार मुटनेजा ने शनिवार को हरियाणा के नए महाधिवक्ता (Advocate General) के रूप में अपना पदभार संभाल लिया है। हरियाणा सरकार के न्याय प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, राज्यपाल ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 165(1) के तहत उन्हें इस संवैधानिक पद पर नियुक्त किया है।
पवन कुमार मुतनेजा कानून क्षेत्र के एक मंजे हुए और जाने-माने चेहरे हैं। अनुभव: वह 1985 से वकालत कर रहे हैं और वर्ष 2021 में उन्हें पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा 'सीनियर काउंसिल' नामित किया गया था। मुतनेजा वर्ष 1996 से 1999 के बीच हरियाणा के अतिरिक्त महाधिवक्ता (Additional AG) के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। विशेषज्ञता: उनके पास संवैधानिक कानून, लेबर एंड इंडस्ट्रियल लॉ, सिविल, क्रिमिनल और भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों की गहरी समझ और व्यापक अनुभव है।
क्यों खाली हुआ था पद?
पूर्व एडवोकेट जनरल परविंदर सिंह चौहान को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में शपथ दिलाई गई, जिसके बाद महाधिवक्ता का पद खाली हो गया था। राज्य सरकार ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 165(1) के तहत राज्यपाल की स्वीकृति के बाद पवन कुमार मुतनेजा की नियुक्ति का आदेश तत्काल प्रभाव से जारी कर दिया। अब राज्य सरकार के मुख्य कानूनी सलाहकार के रूप में पवन मुतनेजा हाईकोर्ट और अन्य अदालतों में हरियाणा सरकार का कानूनी पक्ष रखेंगे।