रोहतक में सनसनी : 4 दिन से लापता महिला का झाड़ियों में मिला शव, पूछताछ में आरोपी ने उगला हत्या का राज

punjabkesari.in Sunday, Jul 12, 2026 - 02:09 PM (IST)

रोहतक (दीपक भारद्वाज) : रोहतक जिले के सांपला कस्बे में एक महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद किया है। महिला का शव सांपला क्षेत्र में 334-बी के पास झाड़ियों से मिला, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान सांपला के वार्ड नंबर-1 निवासी शकुंतला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार शकुंतला पिछले चार दिनों से घर से लापता थी। परिजनों ने 8 जुलाई को सांपला थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

जांच के दौरान पुलिस ने वार्ड नंबर-1 निवासी कपिल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर महिला की हत्या कर शव को 334-बी के पास झाड़ियों में फेंकने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद कर लिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला की हत्या चाकू से वार कर की गई। पुलिस प्रेम प्रसंग को हत्या की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रोहतक स्थित पीजीआई भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर हत्या से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पुष्टि की जाएगी।   

 

 (पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)           


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static