बारिश में गिरी फैक्ट्री की दीवार, एक ही परिवार के सात लोग घायल
punjabkesari.in Saturday, Aug 22, 2026 - 08:02 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): शुक्रवार देर रात शुरू हुई बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। सेक्टर 84 में एक फैक्ट्री परिसर में बनी निर्माणाधीन दीवार अचानक गिर गई, जिसकी चपेट में आकर पास में ही सो रहे एक ही परिवार के सात लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर सभी घायलों को मलबे से बाहर निकाला और इलाज के लिए नागरिक अस्पताल सेक्टर-10 में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर और स्थिर बताई है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
खेड़कीदौला पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित परिवार बिहार के पटना जिले का रहने वाला है और वर्तमान में गुरुग्राम के सेक्टर 64 में रहता है। यह परिवार सेक्टर 84 स्थित टाइल्स बनाने वाली फैक्ट्री में मजदूरी का काम करता है। फैक्ट्री मालिक की ओर से परिसर के पिछले हिस्से में मजदूरों के रहने के लिए कुछ कमरों का निर्माण कराया जा रहा था, जहां यह परिवार अस्थायी रूप से रह रहा था।
शुक्रवार रात से क्षेत्र में मूसलाधार बारिश हो रही थी। इसी दौरान तेज बारिश के कारण निर्माणाधीन कच्ची दीवार में नमी आ गई और वह अचानक ढह गई। जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे, जिससे उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे भारी मलबे के नीचे दब गए। हादसे में घायल हुए डिंपल, सिंपल,अभिषेक,सुषमा,राजकली,शिवांसी और प्रियांशू के रूप में हुई है। जांच अधिकारी ने बताया कि सभी घायलों का नागरिक अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और सुरक्षा मानकों को लेकर फैक्ट्री प्रबंधन से भी पूछताछ की जाएगी।