बारिश से गुड़गांव में बाढ़ जैसे हालात, घरों में घुसा पानी, स्कूल में फंसे छात्र
punjabkesari.in Friday, Aug 07, 2026 - 08:31 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): वीरवार सुबह से शुरू हुई बारिश ने गुड़गांव के हालात बद से बदत्तर कर दिए हैं। शुक्रवार को हुई बारिश ने गुड़गांव के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात कर दिए। बरसात का पानी न केवल घरों में प्रवेश कर गया बल्कि कई स्थानों पर लोग अपने ऑफिस अथवा स्कूल में ही कैद होकर रह गए। ऐसे में लोगों को प्रशासन की सहायता लेनी पड़ी जिसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों ने जन प्रतिनिधियों के साथ मिलकर फंसे हुए लोगों को रेस्क्यू किया। वहीं, बरसात के कारण ट्रैफिक भी काफी धीमा रहा। सुबह के वक्त बारिश के दौरान एक बार दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर जाम की स्थिति बन गई थी, लेकिन समय रहते ट्रैफिक पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति को संभाल लिया और जाम नहीं लगने दिया।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

वहीं शहर में स्थिति का जायजा लेने के लिए जिला उपायुक्त उत्तम सिंह व नगर निगम कमिश्नर प्रदीप दहिया ने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। दोनों ही अधिकारी अपनी टीम के साथ उन क्षेत्रों में गए जहां पिछले मानसून तक बाढ़ जैसे हालात रहते थे। यहां उन्होंने जल निकासी के प्रबंधों का जायजा लिया और लोगों से बात की। वहीं, शाम को दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर सिग्नेचर टावर से राजीव चौक पर जाम जैसी स्थिति बनी रही। वाहनों को 10 मिनट का सफर आधे घंटे में तय करना पड़ा। हालांकि इस तरह के हालात दिन में भी थे, लेकिन ट्रैफिक पुलिस की सतर्कता के कारण यहां जाम नहीं लग पाया। अधिकारियों की मानें शाम 5 बजे तक गुड़गांव, कादीपुर, हरसरू में 60 एमएम बारिश हुई। वहीं, वजीराबाद में 68.5 एमएम, बादशाहपुर में 74एमएम, सोहना में 82एमएम, मानेसर में 38एमएम, पटौदी में 18एमएम तथा फर्रूखनगर में 58एमएम बारिश हुई। इस बारिश ने ही गुड़गांव को पूरी तरह से बेहाल कर दिया।

सबसे ज्यादा जलभराव की दिक्कत, सुशांत लोक, पटेल नगर, धनवापुर रोड पर रही जहां बाढ़ जैसे हालात हो गए। इन स्थानों पर घरों में पानी प्रवेश कर गया। वहीं, सेक्टर-4, सेक्टर-5, सेक्टर-9, मदन पुरी, अर्जुन नगर, न्यू कॉलोनी, कृष्णा कॉलोनी, ओम नगर, शिवाजी नगर, सिविल लाइन्स, दौलताबाद, राजेंद्रा पार्क, लक्ष्मण विहार, अशोक विहार सहित शीतला कॉलोनी, उद्योग विहार, डूंडाहेड़ा सहित अन्य कॉलोनियों में जलभराव हो गया जिसके कारण लोगों को परेशानी हुई। हालांकि नगर निगम की तरफ से कुछ स्थानों पर पानी की निकासी के लिए टैंकर लगाए गए थे, लेकिन यह इंतजाम नाकाफी रहे।
