बम भोले के जयकारों से गूंज उठे शिवालय, जलाभिषेक कर श्रद्धालुओं ने की पूजा

punjabkesari.in Tuesday, Aug 11, 2026 - 02:06 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): मंगलवार को सावन की शिवरात्रि पर जिले के सभी शिवालय बम भोले के जयकारों से गूंज उठे। आज सुबह से ही मंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं की लाइन लगी रही। वहीं, हरिद्वार, गोमुख से कावड़ लेकर गुड़गांव पहुंचे शिवभक्त कावड़ियों ने भी अपने आराध्य भगवान शिव का जलाभिषेक किया। 

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

सुबह से ही शिवालयों में जलाभिषेक करने वालों की लाइन लगी हुई थी। हर श्रद्धालु अपनी श्रद्धानुसार भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए मंदिर पहुंचे और अपने आराध्य का जलाभिषेक करने के साथ ही फूल-फल भी अर्पित किए। कई मंदिरों में जलाभिषेक के लिए विशेष व्यवस्था करने के साथ ही भंडारे का भी आयोजन किया गया। वहीं, कावड़ लेकर आए शिवभक्तों ने एक साथ मिलकर मंदिरों में जलाभिषेक किया। कई मंदिरों में भजन कीर्तन का भी आयोजन किया गया। पूरा गुड़गांव आज शिवमय दिखाई दिया। 

 

वहीं, आज सुबह भी कावड़ लेकर गुड़गांव पहुंचने और गुड़गांव के रास्ते दूसरे जिलाें व राज्याें में जाने वाले शिवभक्त कावड़ियों का आना जाना  लगा रहा। इस दौरान सड़कों पर पुलिस बल भी तैनात रहा ताकि कावड़ियों के रास्ते में कोई अड़चन न आए। गुड़गांव में कई स्थानों पर आई कावड़ को देखने के लिए भी लोगों का हुजूम उमड़ा रहा। जहां से भी विशाल कावड़ गुजरी लोग देखते रह गए। भोंडसी व मैदावास के कावड़ियों ने विशेष कावड़ यात्रा निकाली थी जिसने हरिद्वार से लेकर गुड़गांव तक सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static