हरियाणा में ACB को देख SI छत से कूदकर भागा, चाय वाले को बिचौलिया बनाकर ले रहा था घूस ...टीम ने दोनों दबोचे
punjabkesari.in Friday, Aug 21, 2026 - 11:38 AM (IST)
सोनीपत (सन्नी मलिक) : सोनीपत एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने गांव सिसाना की एक महिला की शिकायत का निपटारा कराने के नाम पर आरोपी पक्ष से रिश्वत लेने के मामले में खरखौदा थाने के सामने चाय की दुकान चलाने वाले राकेश को आठ हजार रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि यह रकम खरखौदा थाने में तैनात एसआई हरिप्रकाश के कहने पर ली गई थी। कार्रवाई के दौरान एसआई को पकड़ने पहुंची एसीबी टीम को देखकर वह छत से कूदकर भाग गया। इससे उसके पैरों में चोट आई। बाद में टीम ने उसे भी पकड़ लिया और अस्पताल में भर्ती कराया है।
एसीबी के डीएसपी राहुल देव ने बताया कि इंस्पेक्टर ऊषा की टीम को शिकायत मिली थी कि एक मामले में निपटाने के नाम पर एसआई हरिप्रकाश ने रिश्वत की मांग की है। खरखौदा थाना के गांव की रहने वाली महिला ने 19 अगस्त को थाने में शिकायत दी थी कि उनके गांव का व्यक्ति नशे की हालत में उनके घर में घुस गया था। उसने उनकी मानसिक रूप से परेशान बेटी से दुर्व्यवहार किया। विरोध करने पर मारने की धमकी दी गई और गाली-गलौज किया। जिस पर एसआई हरिप्रकाश ने दोनों पक्षों को थाने में बुलाया था।
आरोप है कि आरोपी पक्ष से मामले के निपटारे के नाम पर 10 हजार रुपये की मांग की गई। बाद में आठ हजार रुपये में सौदा हुआ। रुपये थाने के पास चाय की दुकान चलाने वाले राकेश को देने की बात कही। इस पर आरोपी के साथी गोविंद ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो में कर दी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने जाल बिछाया। वीरवार रात को गोविंद ने दुकानदार राकेश को रुपये दिए तो उसे टीम ने रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम जब एसआई को पकड़ने गई तो बताया जा रहा है कि वह छत से कूदकर भाग गया। हालांकि बाद में उसे पकड़ लिया गया है। उसके पैरों में चोट आने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में एसीबी की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।