हरियाणा में कल से शुरू होगी SIR प्रक्रिया, BJP ने भेजे 15,808 BLA-2 आवेदन, कांग्रेस ने 12,858 भेजे

punjabkesari.in Sunday, Jun 14, 2026 - 01:51 PM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी) : हरियाणा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान की शुरुआत सोमवार यानि कल से होगी। अभियान शुरू होने से पहले रविवार को हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) ए. श्रीनिवास ने प्रेस वार्ता कर तैयारियों की जानकारी दी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए निर्वाचन आयोग ने सभी राजनीतिक दलों से बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) नियुक्त करने का आग्रह किया है। ये एजेंट मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची से संबंधित गतिविधियों की निगरानी और सत्यापन करेंगे।

BLA-2 नियुक्तियों के लिए अब तक सबसे अधिक आवेदन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से प्राप्त हुए हैं। भाजपा ने 15,808 बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करने के लिए आवेदन किए हैं। इसके बाद कांग्रेस ने 12,858 आवेदन जमा किए हैं। अन्य दलों में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) ने 270 तथा इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने 217 आवेदन प्रस्तुत किए हैं। वहीं जननायक जनता पार्टी (जजपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की ओर से अभी तक कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।

प्रदेश में कुल 20,629 मतदान केंद्र हैं

हरियाणा में कुल 20,629 मतदान केंद्र हैं। ऐसे में प्रदेश की दो प्रमुख पार्टियां भाजपा और कांग्रेस भी अभी तक प्रत्येक बूथ पर अपने एजेंट नियुक्त नहीं कर सकी हैं। इस संबंध में पूछे गए सवाल पर ए. श्रीनिवास ने कहा कि ये प्रारंभिक आंकड़े हैं और आने वाले दिनों में राजनीतिक दलों द्वारा और आवेदन जमा किए जाने की संभावना है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग का लक्ष्य प्रत्येक मतदान केंद्र पर सभी राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों की मौजूदगी सुनिश्चित करना है। इससे मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय और सभी पक्षों की निगरानी में संपन्न हो सकेगी।

 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)               

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static