मुआवजा घोटाले में अब तक जींद पुलिस ने 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार, 1 करोड़ 5 लाख रुपए किए रिकवर

punjabkesari.in Thursday, Jun 01, 2023 - 08:21 PM (IST)

जींद (अमनदीप पिलानिया) : फसलों के मुआवजे की राशि में बड़े स्तर पर घोटाला सामने आया था। आरोपित पटवारी सन्नी को जींद पुलिस ने सबसे पहले गिरफ्तार करके दस दिन का रिमांड हासिल किया था। पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने मामले को संज्ञान में लेकर डीएसपी उचाना संदीप कुमार के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया। जिसमें टीम ने कुशलता पूर्वक कार्य करते हुए कुल छह आरोपियों को अब तक गिरफ्तार किया है। जिनसे करीब एक करोड़ पांच लाख से अधिक की राशि भी रिकवर कर ली गई है।

डीएसपी उचाना संदीप कुमार ने बताया कि 4 अप्रैल 2023 को पुलिस को नायब तहसीलदार जुलाना जिनके पास उचाना का भी अतिरिक्त कार्यभार है ने एक पत्र के माध्यम से शिकायत दी थी कि सनी पटवारी तहसील उचाना द्वारा मुआवजा वितरण में अनियमितता बरती जा रही है। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि उक्त पटवारी द्वारा तैयार की गई मुआवजा सूचियों में अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षर किए गए। इसके अलावा उक्त पटवारी द्वारा एक ही बैंक खाते में अलग-अलग व्यक्तियों के नाम दर्शा कर मुआवजा डाला गया है, जो कि ना सिर्फ गैरकानूनी है बल्कि सरकारी धन का गबन भी प्रतीत होता है। जिस पर थाना उचाना में आरोपी सन्नी वह इसके सहयोगियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 409, 420, 467, 468, 471, 120बी  व 13 पीसी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। जिस पर उनकी टीम द्वारा मामले की जांच की गई जिसने पाया गया कि सरकार द्वारा किसानों की साल 2021 की खरीफ फसल के खराब होने की मुआवजा राशि एक्सिस बैंक के एक खाता में भेजी गई थी। आरोपी सनी पटवारी की उक्त गांव में ड्यूटी थी, जिसने किसानों के मुआवजा की सूचियां तैयार की। जिसमें अपने जानकार वह इसके साथियों तथा उनके जानकार व्यक्तियों के काफी बैंक खाते किसानों के नामों के सामने दर्शा कर उन फर्जी खातों में कई लाखों रुपए की धनराशि डालकर गबन किया है। सनी पटवारी द्वारा अपनी एक महिला मित्र के खाते में लगभग पच्चीस लाख रूपए ट्रांसफर करवाने पाए गए हैं।

पुलिस ने आरोपी सन्नी के खिलाफ सबूत एकत्रित करके 16 अप्रैल 2023 को गिरफ्तार करके सात दिन का पुलिस हिरासत रिमांड हासिल किया था। जिस दौरान सनी पटवारी से गहनता से पूछताछ की गई। बैंक खातों का अवलोकन करवा कर उक्त खातों को चिन्हित किया गया जिनमें सरकार द्वारा फसल खराबा की मुआवजा राशि का गबन करके राशि डाली गई है। 

उन्होंने बताया कि इस मामले में अभी तक एसआईटी ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। जिनसे करीब एक करोड़ पांच लाख की राशि अभी तक बरामद की जा चुकी है। अब तक गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सनी कपूर वासी गांधीनगर रोहतक, संजीव उर्फ संदीप वासी तारखा, विनोद कुमार कानूनगो, अनिल वासी घसो कला, नरेंद्र वासी तरखा के रूप में हुई है। इनके अलावा इस मामले में एक महिला को भी गिरफ्तार किया है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)       


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mohammad Kumail

Recommended News

Related News

static