4 साल में 7वीं बार धंसा सोहना एलिवेटेड रोड,- एक महीने पहले ही मरम्मत के बाद दोबारा खोला गया था रोड
punjabkesari.in Monday, Nov 02, 2026 - 02:24 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): बनने के बाद से लगातार सड़क धंसने को लेकर विवादों में रहने वाला सोहना एलिवेटेड रोड एक बार फिर सुर्खियो में आ गया है। सुभाष चौक पर एक बार फिर रोड धंसने से यहां गहरा गड्ढा हो गया है। कई महीनों तक एलिवेटेड रोड की दो लेन बंद कर इस रोड की मरम्मत की गई थी। अभी मरम्मत किए हुए एक महीने का भी समय नहीं बीता था कि एक बार फिर सोमवार सुबह यहां सड़क धंस गई। शुरूआती तौर पर देखने में तो यह एक फीट गहरा गड्ढा दिखाई दे रहा है, लेकिन इसकी गहराई पांच फीट से भी ज्यादा है। और समय के साथ-साथ इस गड्ढे की चौड़ाई भी बढ़ती जा रही है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

आपको बता दें कि चार साल पहले बने इस सोहना एलिवेटेड रोड पर सातवीं बार एक ही स्थान पर सड़क धंसने का मामला सामने आ रहा है। नेशनल हाइवे अथोरिटी ऑफ इंडिया की तरफ से बनाए गए इस रोड के बीचे से गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण की मास्टर सीवर लाइन गुजर रही है। इस सीवर लाइन के लीक होने के कारण ही यहां गड्डा बन जाता है। हर बार मरम्मत करने के साथ ही अधिकारियों द्वारा दावा तो किया जाता है कि अब दोबारा सड़क नहीं धंसेगी, लेकिन हर बार यह दावे खोखले साबित होते हैं। यही कारण है कि यहां सातवीं बार सड़क धंस रही है। वहीं, सूचना मिलते ही हाइवे अथोरिटी की तरफ से एक सांकेतिक चिन्ह तो लगा दिया है ताकि इसमें कोई वाहन न फंसे, लेकिन शाम होने तक एक बार फिर सोहना रोड पर जाम लगने के संकेत दिखाई दे रहे हैं। वहीं। जाम लगने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस काे अलर्ट कर दिया गया है और स्थिति से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। फिलहाल गुरुग्राम विकास प्राधिकरण और हाइवे अथोरिटी के अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गई है जिसके बाद वह मौके पर पहुंचकर इसकी मरम्मत का कार्य पुन: शुरू करेंगे।