दामाद ने सास और साले पर बरपाया कहर, रात से लापता महिला का शव तालाब के पास मिला, हत्या की आशंका

punjabkesari.in Friday, Mar 05, 2021 - 10:58 PM (IST)

पानीपत (सचिन शर्मा): चांदनी बाग थाना क्षेत्र के गांव रिसालू निवासी 60 साल की महिला का शुक्रवार सुबह गांव के तालाब के पास शव मिला है, महिला गुरुवार रात से लापता थी। ग्रामीणों ने महिला की पहचान करके उसके बेटे को जानकारी दी। पोस्टमार्टम के लिए शव को सिविल अस्पताल लाया गया। महिला के परिजन ने दामाद पर हत्या के आरोप लगाए और आक्रोशित परिजनों ने सामान्य अस्पताल में ही दामाद की पिटाई कर दी। मृतका के परिजनों के आरोप है कि दामाद ने अपने साले की बेरहमी से पिटाई की है और उसके बाद सास की बेरहमी से पीट कर मौत के घाट उतार दिया।

जानकारी के मुताबिक, रिसालू गांव निवासी 60 साल की रोशनी देवी के पति कर्ण सिंह की 2015 में बीमारी के कारण मौत हो चुकी है। अब वह मेहनत-मजदूरी करके अपनी पांच बेटी व एक बेटे को पाल रही थी। महिला के बेटे दीपक ने बताया कि उनकी मां गुरुवार रात को अचानक गायब हो गई। उन्होंने देर रात तक गांव में मां की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिली। सुबह ग्रामीणों ने सूचना दी कि तुम्हारी मां का शव तालाब के किनारे पड़ा है। घर से जोहड़ की दूरी करीब 600 मीटर है। मौके पर जाकर देखा तो शव के पेट पर कपड़ा बंधा था। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। चांदनी बाग पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। 

पानीपत के सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने पहुंचे मृतका के बेटे दीपक ने आरोप लगाए कि उसके जीजा ने जमीनी विवाद के चलते पहले उसकी जमकर पिटाई की, फिर उसे धमकी दी थी कि अब उसकी मां की भी वह हत्या कार देगा। देर रात से लापता उसकी मां का शव गांव के ही तालाब में मिला है। वहीं आक्रोशित महिलाओं ने दामाद को सिविल अस्पताल की मोर्चरी हाउस के बाहर पीटा। मृतका के बेटे के भी जीजा की पिटाई से पूरे शरीर पर नीले निशान पड़े हैं।  उधर, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। 
 

 (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Shivam

Related News

static