पूर्व पीएम स्व.लाल बहादुर शास्त्री के बेटे सुनील शास्त्री ने कुरुक्षेत्र से मांगा टिकट
punjabkesari.in Friday, Feb 09, 2024 - 06:53 PM (IST)

चंडीगढ़ : पूर्व प्रधानमंत्री स्व़ लाल बहादुर शास्त्री के बेटे सुनील शास्त्री ने हरियाणा के कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ने का दावा ठोक दिया है। वे कांग्रेस टिकट पर धर्मनगरी से चुनाव लड़ना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने बाकायदा लिखित में आवेदन किया है। कांग्रेस पार्टी द्वारा भी नामांकन करने वाले उम्मीदवारों की सूची तैयार करते हुए कुरुक्षेत्र से सुनील शास्त्री का नाम सबसे टॉप में रखा है।
कुरुक्षेत्र सीट के लिए कुल 45 नेताओं ने आवेदन किया है। राज्य में लोकसभा की दस सीटों के लिए कुल 314 नेताओं ने टिकट मांगी है। इनमें सर्वाधिक 79 नेताओं ने सोनीपत से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। वहीं रोहतक से केवल तीन ही आवेदन आए हैं। इसी तरह भिवानी-महेंद्रगढ़ से छह, गुरुग्राम से 10, अंबाला से 40, सिरसा से 40, हिसार से 34, करनाल से 48 और फरीदाबाद से 9 नेताओं ने टिकट की मांग की है। कांग्रेस द्वारा अब सभी आवेदनों की छंटनी की जाएगी। सुनील शास्त्री ने बातचीत में कहा, उन्होंने आवेदन कर दिया है। अब पार्टी नेतृत्व को निर्णय लेना है कि उन्हें चुनाव लड़वाया जाएगा या नहीं।
2019 में कांग्रेस टिकट पर कुरुक्षेत्र से चुनाव लड़ चुके पूर्व मंत्री चौ़ निर्मल सिंह के फिर से मैदान में आने की उम्मीद थी, लेकिन उन्होंने इस बार लोकसभा चुनावों के लिए आवेदन ही नहीं किया है। कांग्रेस के पिछड़ा वर्ग विभाग के राष्ट्रीय कन्वीनर और यूपी के इंचार्ज रहे रोहतक निवासी एडवोकेट अनिल सैनी ने भी कुरुक्षेत्र सीट के लिए दावा ठोका है। अनिल सैनी ने कुरुक्षेत्र के अलावा सोनीपत से भी लोकसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की है।