37 घंटे सूर्य नमस्कार कर सोनीपत के छोरे ने बनाया विश्व रिकॉर्ड, पोलैंड से प्रोफेसर करेंगे रिसर्च

punjabkesari.in Friday, Sep 05, 2025 - 08:46 PM (IST)

सोनीपत (सन्नी मलिक) : हरियाणा की धरती खेलों में अपनी दमदार पहचान रखती है, लेकिन इस बार सोनीपत के संदीप आर्य ने योग के क्षेत्र में ऐसी उपलब्धि हासिल की है, जिसने जिले और प्रदेश का नाम पूरी दुनिया में रोशन कर दिया है। संदीप ने गुजरात के मुटेरा मंदिर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सूर्या नमस्कार प्रतियोगिता में 37 घंटे तक लगातार 20 हजार बार सूर्या नमस्कार कर विश्व रिकॉर्ड बनाया।

जानकारी के अनुसार संदीप ने 2010 में योग को अपनाया और योगगुरु रामदेव से प्रशिक्षण लेकर विभिन्न स्तरों पर प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। स्टेट, नेशनल और इंटरनेशनल स्तर पर कई उपलब्धियां हासिल करने के बाद उन्होंने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इसमें देश-विदेश से हजारों प्रतिभागियों ने भाग लिया था। जापान के एक प्रतिभागी ने 8 घंटे तक सूर्या नमस्कार कर दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि झारखंड के प्रतिभागी ने 7 घंटे तक प्रयास कर तीसरा स्थान हासिल किया। लेकिन संदीप ने सभी को पीछे छोड़ते हुए नया इतिहास रच दिया।

अलग करने की चाह में योग का रास्ता चुना- संदीप

संदीप का कहना है कि वह शुरू में एथलेटिक्स में सक्रिय थे और 400 मीटर से 10 हजार मीटर तक दौड़ते थे। लेकिन कुछ अलग करने की चाह में उन्होंने योग का रास्ता चुना। लगातार 15 वर्षों की मेहनत और रोजाना सुबह-शाम 4-4 घंटे अभ्यास ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। उन्होंने बताया कि यह उपलब्धि सिर्फ उनके लिए नहीं बल्कि पूरे हरियाणा और भारत के लिए गर्व का विषय है।

प्रोफेसर डॉ. क्रिस्टॉप विशेष रिसर्च 

इस उपलब्धि के बाद पोलैंड से प्रोफेसर डॉ. क्रिस्टॉप विशेष रिसर्च के लिए सोनीपत पहुंचे हैं। उनका कहना है कि वह यह अध्ययन करना चाहते हैं कि कोई व्यक्ति इतनी लंबी अवधि तक सूर्या नमस्कार कैसे कर सकता है। 18 से 28 सितम्बर तक बेंगलुरु में यह रिसर्च होगी। संदीप ने सरकार से भी सहयोग की मांग की है ताकि वह आने वाले समय में और भी बड़े रिकॉर्ड बना सकें।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yakeen Kumar

Related News

static