कुरुक्षेत्र में रफ़्तार का कहर: तेज रफ्तार कार ने बुजुर्ग को पीछे से कुचला, मौके पर मौत; गाड़ी छोड़कर ड्राइवर फरार
punjabkesari.in Saturday, Jul 11, 2026 - 08:09 AM (IST)
कुरुक्षेत्र: जिले के गांव सावंत की कॉलोनी में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक बेलगाम स्विफ्ट डिजायर कार ने 57 वर्षीय बुजुर्ग फूल कुमार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि फूल कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण आरोपी चालक गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
सुबह 11 बजे हुआ दर्दनाक हादसा
मृतक के भतीजे संजय कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि फूल कुमार गांव की कॉलोनी में रहते थे। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे जब वह कॉलोनी से गांव की तरफ आ रहे थे, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने उन्हें बुरी तरह कुचल दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उनका कहना है कि अगर समय रहते उन्हें अस्पताल पहुंचा दिया जाता, तो शायद उनकी जान बच सकती थी।
गाड़ी छोड़कर भागा आरोपी चालक, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
टक्कर मारने के बाद आरोपी चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन दुर्घटना के कारण उसकी कार मौके पर ही खराब हो गई। इसके बाद आरोपी कार को वहीं छोड़कर पैदल ही फरार हो गया। मृतक फूल कुमार पेशे से मजदूर थे और अपने पीछे तीन बेटों का परिवार छोड़ गए हैं, जिनमें से दो की शादी हो चुकी है और एक बेटा अभी कुंवारा है। उनकी मौत से घर का कमाऊ सदस्य छिन गया है।
घटना के बाद शव को कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी (LNJP) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों के हवाले कर दिया है। हालांकि, इस मामले में अभी पुलिस की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है और पुलिस ने मीडिया से बातचीत करने से मना कर दिया।