Encounter in Kurukshetra: भाऊ गैंग के 2 शार्प शूटरों से STF की मुठभेड़, दोनों घायलावस्था में गिरफ्तार
punjabkesari.in Wednesday, May 20, 2026 - 08:12 AM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के शाहबाद मारकंडा क्षेत्र में हरियाणा विशेष कार्य बल (एसटीएफ) करनाल टीम ने मंगलवार शाम गांव रतनगढ़ के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए भाऊ गैंग के दो शार्प शूटरों को मुठभेड़ के बाद घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से विदेशी हथियार भी बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि अमृतसर निवासी दो बदमाश नेशनल हाईवे-44 स्थित निर्माणाधीन जाट धर्मशाला के पास छिपे हुए हैं तथा हरियाणा में किसी बड़े उद्योगपति की हत्या की साजिश रच रहे हैं। सूचना मिलते ही उप पुलिस अधीक्षक अमन के नेतृत्व में एसटीएफ टीम ने गांव रतनगढ़ क्षेत्र में घेराबंदी कर दी।
आरोपियों ने पुलिस टीम पर किए करीब 14 राउंड फायर
बताया जा रहा है कि पुलिस टीम ने जैसे ही संदिग्धों को रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। आरोपियों ने पुलिस टीम पर करीब 14 राउंड फायर किए। इस दौरान एसटीएफ के जवान प्रवीण को भी गोली लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने के कारण उनकी जान बच गई।
STF ने जवाबी कार्रवाई में किए 7 से 8 राउंड फायर
इसके बाद एसटीएफ टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए 7 से 8 राउंड फायर किए। मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों के पैरों में तीन-तीन गोलियां लगीं, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया। घायल आरोपियों को पहले शाहाबाद नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कुरुक्षेत्र के लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल रेफर कर दिया गया।
उप पुलिस अधीक्षक अमन ने बताया कि मौके पर सीन ऑफ क्राइम टीम को बुलाकर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस रिमांड के दौरान मामले में कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। घायल आरोपियों की पहचान हर्ष पुत्र कुलदीप उम्र 20 वर्ष निवासी अमृतसर तथा कविश पुत्र रमेश उम्र 24 वर्ष निवासी अमृतसर के रूप में हुई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)