कबीर जयंती की तैयारियों को लेकर सक्रिय हुईं सुनीता दुग्गल, मुख्यमंत्री नायब सैनी से की विशेष मुलाकात
punjabkesari.in Saturday, Jun 13, 2026 - 08:33 PM (IST)
चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): भाजपा की पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ नेत्री सुनीता दुग्गल ने चंडीगढ़ स्थित संत कबीर कुटीर में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर संत शिरोमणि कबीर दास जी की जयंती के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे और जयंती समारोह को भव्य एवं प्रेरणादायी बनाने को लेकर सुझाव दिए गए।
सुनीता दुग्गल ने कहा कि संत कबीर दास जी के विचार आज भी समाज को समानता, सद्भाव और मानवता का संदेश देते हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर सामाजिक समरसता को और अधिक मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कबीर जयंती केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और सकारात्मक मूल्यों को आगे बढ़ाने का अवसर है।
पूर्व सांसद ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि हरियाणा निरंतर विकास, सुशासन और जनकल्याण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार की नीतियों का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंच रहा है और प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
सुनीता दुग्गल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भी अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश को विकास, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय एकता के नए आयाम दिए हैं। उनके नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी एक अलग और मजबूत पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया है तथा "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास" की भावना को मजबूत किया है। आज भारत की आवाज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पहले की अपेक्षा अधिक प्रभावशाली ढंग से सुनी जाती है और विश्व समुदाय में देश का सम्मान एवं रुतबा लगातार बढ़ा है।
सुनीता दुग्गल ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा तथा देश विकास, सामाजिक समरसता और जनकल्याण के नए कीर्तिमान स्थापित करते रहेंगे।