निश्चित तौर आप पार्टी हरियाणा में भी सत्ता परिवर्तन करके दिखाएंगी : लवलीन टुटेजा

punjabkesari.in Sunday, Nov 28, 2021 - 03:34 PM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी) : उत्तराखंड और पंजाब में मजबूत विकल्प के रूप में खड़ी आम आदमी पार्टी हरियाणा के बारे में किस प्रकार की राजनीतिक सोच रखती है और आने वाले समय में किस प्रकार की गतिविधियां देखने को मिलेंगी, यह जानने के लिए पंजाब केसरी ने आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता लवलीन टुटेजा जो कुछ समय पहले भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी थे और वह आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए थे, उनसे बातचीत की।

जिसमें उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की कथनी और करनी पर प्रश्नचिन्ह लगाते हुए कहा कि जिस विचार के साथ भाजपा चली थी, सरकार बनने के बाद उन विचारों को काफी पीछे छोड़ चुकी है। पंडित दीनदयाल और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के संस्कारों पर कई वर्षों तक भारतीय जनता पार्टी ने काम किया।  आज पूरे प्रदेश में नौकरियां मंडियों में बिक रही हैं। भ्रष्टाचार का बोलबाला है। रोज नए-नए स्कैंडल सामने आ रहे हैं। सक्षम और काबिल युवाओं के हकों पर कब्जे किए जा रहे हैं। आज सरकार से नारी, कर्मचारी, व्यापारी और किसान वर्ग भाजपा के शासनकाल से त्रस्त हो चुका है। 

टुटेजा ने कहा कि आज पूरे देश मेंं दिल्ली एक मॉडल केेे रूप में  स्थापित हुआ है। पूरा देश दिल्ली सरकार की प्रशंसा करता है। गुजरात जैसा प्रदेश जहां की राजनीति भाजपा के सामने सरेंडर हो चुकी थी, वहांं भी जनता ने आम आदमी पार्टी को 60 लाख वोट देकर स्थापित किया है। उत्तराखंड, पंजाब और गोवा जैसे प्रदेश आज आम आदमी पार्टी के साथ चलने को तैयार है। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने दिल्ली प्रदेश को स्वास्थ्य क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाया है।

हर सरकारी स्कूल को फाइव स्टार स्कूल बना दिए गए हैं। वहीं दूसरी तरफ हरियाणा में 857 स्कूल बंद कर दिए गए हैं। केजरीवाल ने देश को एक संदेश दिया है कि आगे की राजनीतिक केवल और केवल काम करने वालों के लिए है ना कि सत्ता और शासन करने वालों के लिए। उन्होंने कहा कि 2014 में व्यवस्था परिवर्तन के लिए अन्ना आंदोलन क बाद एक लहर चली थी, जिस कारण देश में भाजपा की सरकार बनी। अन्ना आंदोलन का पूरा श्रेय भाजपा को मिला और अब हम हरियाणा में भाजपा के सामने मजबूत विकल्प के रूप में लगातार आगे बढ़ रहे हैं। लोगों का विश्वास आम आदमी पार्टी की तरफ  बढ़ रहा है। 

टुटेजा ने कहा कि आम आदमी पार्टी आंदोलन से निकली केवल 9 साल की पार्टी है। आम आदमी पार्टी के लोगों के जेहन में राजनीति नहीं, बल्कि सामाजिक सेवा है। सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में हम लगातार काम कर रहे हैं और निश्चित तौर पर इस बात के अच्छे परिणाम आएंगे। हमारा विषय राजनीति नहीं व्यवस्था परिवर्तन है और हरियाणा में हम निश्चित तौर पर परिवर्तन करके दिखाएंगे। हम लगातार जन कल्याण के काम शिक्षा, स्वास्थ्य इत्यादि पर आगे बढ़ रहे हैं। लोगों का जीवन सरल बनाना आम आदमी पार्टी का लक्ष्य है। लोगों की आवाज उनकी भावनाओं को मजबूत करना राजनीति होती है।

आज प्रदेश में हम मजबूत विपक्ष की भूमिका निभा रहे हैं। सरकार बनाना जनता का काम है और जनता हमेशा काम करने वालों के साथ होती है। जिस प्रकार से पंजाब उत्तराखंड और गोवा के दौरे अरविंद केजरीवाल ने किए और व्यवस्था परिवर्तन की वहां आज बहार चली हुई है। केजरीवाल पंजाब में जो भी घोषणा करते हैं 2 घंटे के बाद वहां के मुख्यमंत्री चन्नी उसी प्रकार की घोषणा करने को मजबूर हो जाते हैं। चन्नी दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के फॉलोवर बने हुए नजर आ रहे हैं। लेकिन पंजाब की जनता देख रही है और निश्चित तौर पर वहां भी हम सरकार बनाएंगे।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Recommended News

Related News

static