VIDEO: हरियाणा पुलिस ने मजदूरों को खदेड़कर पीटा, सुरजेवाला ने कहा- कितना जुल्म ढायेगी सरकार
punjabkesari.in Sunday, May 17, 2020 - 02:44 PM (IST)

डेस्क: देश के हर कोने से प्रवासी मजदूरों का पलायन लगातार जारी है, फिर चाहे उनको रास्ते में पुलिस की लाठियां ही क्यों न खानी पड़ रही हों या उन्हें किसी हादसे का शिकार ही क्यों न होना पड़ रहा हो! कुल मिलाकर इस समय देश में सबसे ज्यादा दुर्दशा प्रवासी मजदूरों की ही है। इसी मुद्दे को भुनाते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी हरियाणा की खट्टर सरकार पर निशाना साधा है। सुरजेवाला ने एक ट्वीट में खट्टर सरकार को अत्याचारी बताया है।
सुरजेवाला ने ट्वीट में लिखा, 'कितना जुल्म ढायेगी "हे सरकार"! यमुनानगर, हरियाणा में प्रवासी मज़दूरों को दोड़ा-दोड़ा कर पीटती खट्टर सरकार! इन्ही हवाई चप्पल वालों को जहाज़ में बिठाने का वादा कर सत्ता में आई थी ना भाजपा?'
कितना जुल्म ढायेगी “हे सरकार”!
— Randeep Singh Surjewala (@rssurjewala) May 17, 2020
यमुनानगर, हरियाणा में प्रवासी मज़दूरों को दोड़ा-दोड़ा कर पीटती खट्टर सरकार!
इन्ही हवाई चप्पल वालों को जहाज़ में बिठाने का वादा कर सत्ता में आई थी ना भाजपा? pic.twitter.com/1P4VgrAVdw
गौरतलब है कि पंजाब ,चंडीगढ़ एवं अन्य इलाकों से लगातार मजदूरों की भीड़ यमुनानगर में बढ़ रही है। यह प्रवासी मजदूर पैदल चलकर अथवा अन्य साधनों से यमुनानगर के कलानौर व उसके आसपास पहुंच रहे हैं ताकि सीमा पार करके उत्तर प्रदेश जाएं। लेकिन उत्तर प्रदेश में जाने पर भी उन्हें वापस भेजा जा रहा है क्योंकि योगी सरकार ने मजदूरों के प्रवेश पर रोक लगा दी है।
वहीं इसकी सूचनाएं मिलने के बाद यमुनानगर के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने यमुना के विभिन्न इलाकों के साथ-साथ हाईवे का दौरा किया। इसी बीच सुरजेवाला ने अपने ट्वीट में जो वीडियो शेयर किया है, उसे यमुनानगर का ही बताया है।