AAP प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने बाढ़ के लिए हरियाणा सरकार को बताया जिम्मेदार, की CBI जांच की मांग
punjabkesari.in Sunday, Jul 16, 2023 - 08:37 PM (IST)

करनाल : हरियाणा में बारिश की वजह से 13 जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है, जिसकी वजह से लोगों को परेशानी को सामना करना पड़ रहा है। किसानों की फसल जलमग्न हो गई है, वहीं बाढ़ की वजह से कई लोगों की मौत हुई है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल सहित कई राज्यों में बाढ़ से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। वहीं अब बाढ़ को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। आप आदमी पार्टी की तरफ से हरियाणा की मनोहर सरकार को दिल्ली की बाढ़ का जिम्मेदार बताया जा रहा है। इस बीच हरियाणा के आप पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने भी मनोहर सरकार पर तंज कसा है।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि प्रदेश की गठबंधन सरकार की अनदेखी के चलते आज पूरा प्रदेश बाढ़ की चपेट में आ गया है। भाजपा सरकार ने हथिनी कुंड बैराज का पानी केवल दिल्ली की तरफ छोड़कर दिल्ली व हरियाणा को डुबाने का काम किया है, जबकि उत्तर प्रदेश के सहारनपुर की तरफ पानी छोड़ने का विकल्प था। दोनों तरफ पानी छोड़ने से जल स्तर कम हो जाता और बाढ़ ग्रस्त एरिया को राहत मिलती। उन्होंने मामले की सीबीआई जांच की मांग की। डॉ. गुप्ता आज रविवार को एक प्रेस वार्ता कर जानकारी दी।
गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार ने लोगों को बाढ़ से संबंधित कोई चेतावनी जारी नहीं की। हथिनी कुंड बैराज से पानी का सही वितरण नहीं करने के कारण आज प्रदेश के सैकड़ों गांव प्रभावित हुए हैं। डॉ. गुप्ता ने मांग की कि यमुना में पानी छोड़े जाने की जांच सीबीआई द्वारा कराई जाएगी। लोगों को उनकी फसल, मकान, चारे व सामान का उचित मुआवजा दिया जाए। पानी उतरने के बाद पेयजल का इंतजाम किया जाएगा तथा बिजली लाइनों को दुरुस्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस साजिश के तहत सरकार के वह कौन लोग हैं चाहे कोई मंत्री है, सांसद है, विधायक हैं या फिर अधिकारी है उसके ऊपर सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी त्रासदी होने के बाद भी यमुना के बैराज अगर नहीं खोले जाते है को हम इसको बड़ा हादसा नहीं मान सकते, यह तो एक साजिश के तहत ही काम हुआ है।
पत्रकारों के एक सवाल हिमाचल के मुख्यमंत्री सुक्खू द्वारा हरियाणा और पंजाब को जो पानी हिमाचल से आएगा उस पर टैक्स लेंगे, इस बात पर उन्होंने जवाब दिया कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मुख्यमंत्री सुक्खू को जवाब दिया था कि आप अपना पानी रोक लेते, डूबने के लिए तो हम और टैक्स के लिए तुम।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)