Swine Flu in Haryana: प्रदेश में कुल मामले 366 हुए, 139 एक्टिव मरीज; स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

punjabkesari.in Wednesday, Sep 09, 2026 - 11:07 AM (IST)

चंडीगढ़:  हरियाणा में स्वाइन फ्लू  का संक्रमण तेजी से पैर पसार रहा है। मंगलवार को प्रदेशभर में एक ही दिन में 35 नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। इसके साथ ही राज्य में इस साल स्वाइन फ्लू के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 366 हो गई है। राहत की बात यह है कि मंगलवार को किसी मरीज की मौत दर्ज नहीं की गई, हालांकि अब तक इस बीमारी से राज्य में 3 लोगों की जान जा चुकी है।

मंगलवार को मिले 35 नए मामलों में हिसार से 7, झज्जर से 6, करनाल से 5, गुरुग्राम से 3, जबकि फतेहाबाद, सोनीपत, पलवल, कुरुक्षेत्र और महेंद्रगढ़ से 2-2 केस दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा जींद, कैथल, सिरसा और यमुनानगर से 1-1 नया मरीज सामने आया है।


प्रदेश में फिलहाल स्वाइन फ्लू के 139 एक्टिव केस हैं, जिनमें से 22 गंभीर मरीजों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। वहीं, 224 मरीज अब तक पूरी तरह ठीक होकर घर लौट चुके हैं। बाकी जिलों की बात करें तो पलवल में 17, झज्जर व अंबाला में 15-15, सोनीपत में 14, कुरुक्षेत्र व यमुनानगर में 11-11 तथा भिवानी व पानीपत में 10-10 केस आ चुके हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी: मास्क पहनें और भीड़ से बचें
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि मौसमी इन्फ्लुएंजा सांस की नली से जुड़ा संक्रमण है। यह बुजुर्गों, 5 साल से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और शुगर या दिल की पुरानी बीमारियों से पीड़ित मरीजों के लिए अधिक घातक साबित हो सकता है।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि मौसमी इन्फ्लुएंजा (एचवनएनवन व एच-3एन-2) सांस से जुड़ा संक्रमण है। इसके केस कुछ खास महीनों में बढ़ते हैं। बुजुर्गों, पांच साल से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और मधुमेह, हृदय या सांस संबंधी पुरानी बीमारियों से पीड़ितों में खतरा अधिक रहता है। ऐसे लोगों को लक्षण होने या संक्रमण की पुष्टि होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करना चाहिए। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static