T.B. Mukt Bharat: देश में चमका हरियाणा, टी.बी. मुक्त भारत ऐप पंजीकरण में हासिल किया दूसरा रैंक
punjabkesari.in Saturday, Jul 25, 2026 - 02:24 PM (IST)
चंडीगढ़ : हरियाणा ने क्षय रोग (टी.बी.) के खिलाफ अभियान में उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए टी.बी. मुक्त भारत एप पर 35,229 पंजीकरण के साथ देश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इसके साथ ही राज्य में टी.बी. प्रिर्वेटिव ट्रीटमैंट (टी.पी.टी.) का कवरेज बढ़कर 49 प्रतिशत, एन.ए.ए.टी. आधारित मॉलिक्युलर जांच का कवरेज 67 प्रतिशत तथा पात्र मरीजों के लिए डिफरेंशिएटेड टी.बी. केयर का कवरेज 71 प्रतिशत तक पहुंच गया है। इन उपलब्धियों की जानकारी आज यहां मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में हुई 100-दिवसीय टी.बी. उन्मूलन अभियान की बैठक में की गई।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि टी.बी. प्रिवैटिव ट्रीटमेंट (टी.पी.टी.) के क्षेत्र में भी राज्य ने उल्लेखनीय प्रगति की है। औषधि-संवेदनशील फेफड़ों की टी. बी. से पीड़ित मरीजों के 44,574 पात्र पारिवारिक संपकों में से 21,697 व्यक्तियों (49 प्रतिशत) को निवारक उपचार प्रदान किया जा चुका है, जबकि अभियान की शुरूआत में यह कवरेज केवल 31 प्रतिशत था। राज्य के 14 जिले इस मामले में 50 प्रतिशत से अधिक कवरेज प्राप्त कर चुके हैं।
अधिकारियों ने बताया कि अब तक 4711 स्क्रीनिंग कैंप के माध्यम से 5,31,178 संवेदनशील व्यक्तियों की जांच की जा चुकी है। अभियान के दौरान अब तक 1.50 लाख एन.ए.ए.टी. जांच की जा चुकी हैं, जिससे मॉलिक्युलर जांच कवरेज 42 प्रतिशत से बढ़कर 67 प्रतिशत हो गया है। साथ ही, 31,849 पात्र टी. बी. मरीजों में से 22,571 मरीजों (71 प्रतिशत) को डिफरेंशिएटेड टी.बी. केयर के दायरे में लाया गया।