हरियाणा में तापमान 44 डिग्री पहुंचा, नौतपा से पहले येलो अलर्ट जारी, ये जिला रहा सबसे गर्म

punjabkesari.in Friday, May 16, 2025 - 01:26 PM (IST)

हिसार:  हरियाणा में मई के महीने में ही गर्मी ने अपने प्रचंड रूप दिखाने शुरू कर दिए हैं। गुरुवार को प्रदेश के कई जिलों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया, जबकि पलवल में पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो कि राज्य में सर्वाधिक रहा। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए भीषण गर्मी का येलो अलर्ट जारी किया है, जिसके दौरान तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर जाने की संभावना है।

 मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने के साथ ही पश्चिमी शुष्क और गर्म हवाएं फिर से सक्रिय हो गई हैं, जिसके कारण तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। गुरुवार को पूरे प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क रहा, जिससे तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। हालांकि, शाम ढलने के बाद लोगों को थोड़ी राहत मिली।

 

मौसम विभाग के अनुसार, 17 मई को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे तापमान में और अधिक उछाल आने की संभावना है। इसके बाद, 19 मई को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके कारण 23 मई तक प्रदेश में बारिश के भी आसार हैं। इस दौरान दक्षिणी पश्चिमी नमी वाली हवाएं चलने से उमस भरी गर्मी भी लोगों को परेशान कर सकती है। इस वर्ष 25 मई से नौतपा शुरू होगा, जो कि 2 जून तक जारी रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों को अगले कुछ दिनों तक गर्मी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है। दिन के तापमान के साथ-साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static