पहलगाम में पर्यटकों पर हुआ कायराना आतंकी हमला दुर्भाग्यपूर्ण- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
punjabkesari.in Wednesday, Apr 23, 2025 - 03:07 PM (IST)

गुड़गांव,(ब्यूरो): जम्मू कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुआ आतंकी हमला बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण हैं। इस हमले के आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। हमले के तुरंत बाद ही गृहमंत्री अमित शाह श्रीनगर पहुंच गए। गुड़गांव पहुंचे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस दुःख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। जिन परिवारों को दुख हुआ सरकार उनके साथ पूर्ण रूप से साथ खड़ी है। बुजदिल और घिनौने कृत्य को अंजाम देने वाले को बख्शा नहीं जाएगा। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह व विधायक मुकेश शर्मा भी मौजूद रहे।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर टच करें।
दरअसल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज गुड़गांव में अनाथ रोड को मॉडल रोड बनाने के बाद उसका उद्घाटन करना था, लेकिन पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद उन्होंने इस सड़क का उद्घाटन नहीं किया। उन्होंने मॉडल रोड पर पैदल चलकर इसका निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश की पहली ऐसी रोड है जिसे मॉडल रोड के रूप में विकसित किया गया है। मुख्यमंत्री ने यादगार के तौर पर पौधा भी रोपित करते हुए पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया। 23 करोड़ रुपए की लागत से बने इस रोड के आसपास करीब 700 पेड़ हैं जिन्हें काटा नहीं गया। अब तक इस रोड को अनाथ रोड के नाम से जाना जाता था, लेकिन अब इसे मॉडल रोड के नाम से पहचान दी गई है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों और पर्यटकों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की। इस मॉडल रोड का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आतंकी हमले में जान गंवाने वाले विनय नरवाल के परिजनों से बात की। उनके परिवार के कुछ लोग गुड़गांव के सेक्टर-47 में रहते हैं। मुख्यमंत्री ने परिवार के साथ दुख साझा किया। परिजनों को कहा कि हरियाणा सरकार दुख की घड़ी में उनके परिवार के साथ खड़ी है।