Haryana में गर्मी की आहट, अभी से सताने लगी गर्मी... इस जिले में 30 डिग्री के पार पहुंचा पारा
punjabkesari.in Thursday, Mar 13, 2025 - 08:57 PM (IST)

जींद: हरियाणा के जींद में मार्च के महीने में ही तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। बुधवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री रहा। सुबह अचानक जींद, उचाना और जुलाना में घना कोहरा छा गया। दृश्यता 20 मीटर भी कम रही। करीब दो घंटे बाद कोहरा छंटा। वहीं दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहे। मौसम विभाग के अनुसार 13 मार्च रात्रि से 15 मार्च के दौरान बादलवाई और हवाओं के साथ बूंदाबांदी या हल्की वर्षा हो सकती है।
फिलहाल तेज हवाएं चलने और वर्षा होने से फसलों में फायदे की बजाय नुकसान की ज्यादा आशंका रहेगी। सरसों की फसल पक चुकी है और कटाई शुरू हो चुकी है। 15 मार्च से मंडियों में सरसों की सरकारी खरीद भी शुरू हो रही है।
अगर वर्षा होती है, तो खेतों में सरसों की फसल की कटाई के साथ-साथ मंडियों में खरीद पर भी असर पड़ेगा। वहीं गेहूं की फसल में भी ज्यादातर किसान आखिरी सिंचाई कर चुके हैं। दिसंबर में बिजाई की गई पछेती गेहूं की फसल में किसान सिंचाई कर रहे हैं। वर्षा के साथ तेज हवा चलने से गेहूं की फसल गिरने का डर रहता है। फसल गिरने से उत्पादन घटने का डर रहता है।