बहादुरगढ़ में आतंक मचाने वाले बदमाशों की निकली हवा, पुलिस ने शहर में पैदल जुलूस निकालकर सिखाया सबक

punjabkesari.in Friday, Aug 21, 2026 - 04:12 PM (IST)

बहादुरगढ़ (प्रवीण कुमार): बहादुरगढ़ शहर में एक युवक के साथ मारपीट, अमानवीय व्यवहार, अर्धनग्न कर पिटाई करने और एक मकान के दरवाजे पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने के मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों का शहर में पैदल जुलूस निकालकर सख्त कार्रवाई का संदेश दिया।

पुलिस कस्टडी में चारों आरोपियों को शहर थाना से लेकर बाजार तक पैदल घुमाया गया। बताया जा रहा है कि करीब दो दिन पहले लगभग 10 बदमाशों ने शहर में जमकर उत्पात मचाया था। आरोप है कि बदमाशों ने दो युवकों का अपहरण कर उनके साथ बेरहमी से निर्वस्त्र कर मारपीट की और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए।

घटनाक्रम से जुड़ी वीडियो फुटेज इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में भारी रोष देखने को मिला। एक वीडियो में कुछ युवक एक युवक को अर्धनग्न अवस्था में डंडों से बेरहमी से पीटते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में पीड़ित के साथ अमानवीय व्यवहार किए जाने के दृश्य भी सामने आए हैं।

इसी घटनाक्रम के दौरान मेन बाजार स्थित एक मकान को भी निशाना बनाया गया। एक अन्य वायरल वीडियो में कुछ युवक मकान के बाहर गाली-गलौज करते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद आरोपियों ने दरवाजे की ओर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। आग की चपेट में आने से मकान में रहने वाले व्यक्ति के पैर झुलस गए। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस के अनुसार मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। डीसीपी मयंक मिश्रा ने कहा कि मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

प्रारंभिक तौर पर मामला किसी पुराने विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि विवाद की वास्तविक वजह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)   


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

static