सोनीपत में रोडवेज बस में फौजी का बैग ले उड़े चोर, आर्मी आईकार्ड समेत कई अहम दस्तावेज गायब; पुलिस ने दर्ज किया केस
punjabkesari.in Monday, Nov 02, 2026 - 09:17 AM (IST)
सोनीपत : हरियाणा रोडवेज की बस में सफर कर रहे भारतीय थल सेना के एक जवान का बैग चोरी होने का मामला सामने आया है। जवान के नींद में होने का फायदा उठाकर अज्ञात व्यक्ति उसका बैग लेकर फरार हो गया। बैग में आर्मी पहचान पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। मुरथल थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, करनाल जिले की घरौंडा तहसील के गांव गुढ़ा निवासी अंकित पुत्र सुल्तान सिंह भारतीय थल सेना में नायक के पद पर तैनात हैं। उनकी वर्तमान पोस्टिंग दिल्ली में है। वह छुट्टी लेकर हरियाणा रोडवेज की बस से अपने गांव लौट रहे थे। सफर के दौरान मुरथल चौक के पास उनकी आंख लग गई। करीब दो किलोमीटर आगे पहुंचने पर जब उनकी नींद खुली तो सीट के नीचे रखा बैग गायब मिला। उन्होंने बस में और आसपास बैग की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने मुरथल थाना पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी।
जवान के मुताबिक, बैग में आर्मी आईकार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, भारतीय स्टेट बैंक का एटीएम कार्ड और आर्मी कैंटीन कार्ड सहित अन्य जरूरी दस्तावेज थे। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मुकदमा नंबर 344 दर्ज किया है। पुलिस बस के रूट और घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाकर आरोपी की तलाश में लगी है।