देश को बपौती और जागीर मानने वाले सर्दी में पदयात्रा और गर्मी में कर रहे हैं ट्रक यात्रा : बेदी

punjabkesari.in Tuesday, May 30, 2023 - 11:38 PM (IST)

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): राहुल की पदयात्रा और ट्रक यात्रा को लेकर टिप्पणी करते हुए कृष्ण बेदी ने कहा कि देश को बपौती और अपनी जागीर मानने वाले, जिनके खून में राजशाही हो, जिन्होंने चांदी के चम्मच से खाना सीखा हो, जो विदेश में पढ़ने जाते हो, जिनके कपड़े सिलने और धुलने भी विदेश में जाते हो, जिनका पीने का पानी विदेश से आता हो, अगर वह आज ढाबों पर रोटी खा रहे हैं और ट्रक में घूम रहे हैं तो वह इस देश के मजबूत जागरूक मतदाता और मजबूत लोकतंत्र के कारण सफल हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी को अपनी अपनी रणनीति और योजनाओं पर काम करने का अधिकार है। लेकिन अगर आज मतदाता तक पहुंचने की आदत उनमें आई है तो यह भाजपा और भाजपा के मजबूत नेतृत्व ने डाली है। आज आम से आम आदमी के दरवाजे तक सभी राजनीतिक दलों का पहुंचना उनकी मजबूरी है। जो पहले केवल एसी कमरों में बैठकर गरीबी हटाने का नारा लगाते थे, कभी यादव- मुस्लिम, कभी अगडे- पिछड़ों की बात करते थे, जिनका धरातल से कोई सरोकार नहीं था, आज ऐसा प्रत्येक नेता जनता की नब्ज को जानने के लिए उनके बीच जा रहा है, यह 75 साल का परिपक्व प्रजातंत्र है जो राहुल गांधी ट्रकों में बैठकर घूम रहे हैं और 2024 तक और भी पता नहीं क्या-कया करेंगे। कृष्ण बेदी ने कहा कि मतदाताओं को इसके लिए झुक झुक कर नमन कि उन्होंने नेताओं के दिमाग की गर्मी को निकालने का काम किया। सर्दी में पद यात्राएं करवा डाली और गर्मी में ट्रकों की यात्रा करवा डाली। जो नागरिक केवल उनके वोट थे, आज उन नेताओं को भगवान के रूप में नजर आ रहे हैं। यह नरेंद्र मोदी की ताकत का एक बड़ा उदाहरण है।

 

जागरूक मतदाताओं द्वारा 9 साल पहले दी गयी ताकत के कारण आज पांचवी महाशक्ति है भारत : बेदी

 

30 मई को केंद्र सरकार के पूरे हुए 9 साल के कार्यकाल पर बोलते हुए मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार कृष्ण बेदी ने कहा कि आज से 9 वर्ष पहले देश के जागरूक मतदाता ने कमल के फूल का बटन दबाकर जो ताकत भारतीय जनता पार्टी को दी, आज उसी ताकत से देश की उन्नति लगातार हो रही है, आज भारत विश्व की पांचवीं महाशक्ति है, आज देश की सेना लगातार ताकतवर हो रही है, तीन तलाक जैसे गंभीर बड़े मुद्दे समाप्त किए गए, धारा 370 तोड़ी गई, 550 सालों से बना गंभीर मुद्दा राम मंदिर की भव्य इमारत का निर्माण हो रहा है, आज लगातार देश में सड़कों का सुदृढ़ीकरण, गैस की उपलब्धता, पीने का साफ पानी, सेना को आधुनिक हथियार, मजबूत इलेक्ट्रिकल सिस्टम सच हो पा रहा है। यह देश की जनता द्वारा नरेंद्र मोदी को दी गई ताकत का परिणाम है और नरेंद्र मोदी शायद पहले गैर कांग्रेसी ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने 9 साल तक देश पर शासन किया है।

 

जिस दिन भाजपा का सुदर्शन चक्र चलेगा, इनमें से कोई नजर नहीं आएगा : बेदी

 

मिशन 2024 को लेकर बोलते हुए कृष्ण बेदी ने कहा कि आज देश में नरेंद्र मोदी के मुकाबले का नेतृत्व किसी दल के पास नहीं, नड्डा से मजबूत और अच्छा संगठन किसी अन्य राजनीतिक दल के पास नहीं। आज हमारे वोटर लिस्ट के हर पन्ने पर हमारी समिति है, जबकि अन्य दलों के प्रदेश लेवल के संगठन नहीं है। कुछ दिन पहले आम आदमी पार्टी द्वारा घोषित कुछ संगठन के नामों पर जूत् बाजारी सबके सामने है, 14 साल में कांग्रेस के पास जिले तक की टीम नहीं तो ब्लॉक या हल्के तक क्या सोच पाएंगे। आज सबसे मजबूत संगठन भाजपा के पास है। बेदाग- ताकतवर सरकार भाजपा के पास है। नरेंद्र मोदी के रूप में केंद्र में और हरियाणा में मनोहर- धनखड़ के रूप में एक मजबूत जन हितेषी नेता भाजपा के पास हैं। मिशन 2024 भाजपा मोदी और मनोहर के नेतृत्व में फतह हासिल करेगी। 30 मई से 30 जून तक महा जनसंपर्क अभियान की शुरुआत भाजपा ने की है। विभिन्न प्रकार के बड़े कार्यक्रम हम इस महीने में लगातार करेंगे। प्रत्येक व्यक्ति के हिस्से में हमने कुछ ना कुछ काम दिया है। हम हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटें और पूर्ण बहुमत सरकार बनाने जा रहे हैं। इसके लिए हमने पूरा रोडमैप तैयार कर लिया है। हमारा एक-एक दिन, एक एक घंटा सुनिश्चित है।  अन्य पार्टियों के मुंगेरीलाल के हसीन सपने केवल सपने रहेंगे। कांग्रेस पार्टी में सिर फुटटवल का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कांग्रेस की राष्ट्रीय महामंत्री कुमारी शैलजा ने साफ कर दिया कि हुड्डा और उनकी टीम को खुश फहमी में रहने की आवश्यकता नहीं। विधानसभा चुनाव से पहले ही मुख्यमंत्री के चेहरे के चुनाव का फैसला नेतृत्व करेगा। रणदीप सुरजेवाला कर्नाटक प्रभारी रहे, कर्नाटक जीत पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने विजई के लड्डू बांटे, लेकिन नैतिकता के आधार पर सुरजेवाला को बधाई तक नहीं दी। जिस दिन भाजपा का सुदर्शन चक्र चलेगा, इनमें से कोई नजर नहीं आएगा। मोदी- नड्डा- शाह- मनोहर- धनखड़ और विप्लव देव लगातार जीत के लिए योजना के तहत रोडमैप तैयार कर रहे हैं। हरियाणा में तीसरी बार मनोहर लाल की सरकार बनेगी।

 

कांग्रेसी प्रॉब्लम क्रिएटर हैं और हम समाधान करने वाले हैं :बेदी

 

भाजपा पनों और कागजों तक सीमित पार्टी है, कांग्रेस के इस बयान के जवाब में कृष्ण बेदी ने कहा कि कुछ समय पहले भाजपा को चवन्नी की पार्टी कहा जाता था, कहा जाता था कि भाजपा का कोई अस्तित्व नहीं। अब इनकी गलतफहमी है कि भाजपा पन्नों में है। लेकिन यह कुछ भी सोचे, हमें इससे कोई दिक्कत नहीं। हमने बहुत पहले बहुत कुछ सहन किया है। हम चौटाला -देवीलाल- बंसीलाल के साथ गठबंधन में रहे। हमने बहुत से ताने सुने। लेकिन भाजपा हमेशा अपने लक्ष्य को फोकस में लेकर चली। लोगों की सेवा, समस्याओं के समाधान चलने वाली भाजपा लगातार जनता में रही। यह प्रॉब्लम क्रिएटर हैं और हम समाधान करने वाले हैं। बेदी ने कांग्रेस की स्थिति गिद्द जैसी बताते हुए कहा कि लाश कैसी भी हो चाहे शेर की हो या गधे की, गिद्ध उस पर बैठता है और लाश को अपना भोजन बनाता है। क्योंकि वह शिकार की स्थिति में नहीं होता, ऐसी ही स्थिति कांग्रेस की है। जिनके पास कोई मुद्दा और कोई एजेंडा नहीं, पूरे देश में यह मुद्दे ढूंढते फिरते हैं। लेकिन हर बार मुंह की खाते हैं, अपमानित होकर घर बैठ जाते हैं। कह देना चाहता हूं कि मनोहर- मोदी के विरोध में राजनीति करने से संगठन की ताकत कभी नहीं बढ़ेगी। संगठन की ताकत सकारात्मक सोच और मुद्दों को लेकर बढ़ेगी।

 

आम आदमी पार्टी के हाथों में मैं तिरंगे को शौभनीय नहीं मानता :बेदी

 

आम आदमी पार्टी द्वारा जींद से तिरंगा यात्रा की शुरुआत करने पर टिप्पणी करते हुए कृष्ण बेदी ने कहा कि टुकड़े गैंग के साथ समर्थन करने वाले, देश विरोधी ताकतों के साथ जुडने वाले लोग अगर तिरंगा लेकर चलेंगे अगर उनमें नैतिकता बची है तो उन्हें डूब कर मर जाना चाहिए। तिरंगा उन लोगों के लिए है जो देश को मजबूत करने में लगे हैं। आम आदमी पार्टी के हाथों में मैं तिरंगे को शौभनीय नहीं मानता। आम आदमी पार्टी ने नगरपालिका और सरपंची के चुनाव लड़े, इनके हाथ कुछ नहीं लगा। यह केवल टाइम पास कर रहे हैं। विधानसभा में भी इन्हें कुछ हासिल होने वाला नहीं है।

 

 

 भ्रष्टाचार मुक्त शासन देने के लिए वचनबद्ध है भाजपा : बेदी

 

कांग्रेस को प्रदेश में बाप-बेटा की पार्टी बताते हुए कृष्ण बेदी ने कहा कि जनसंवाद कार्यक्रम को लेकर तरह तरह की टिप्पणियां यह लोग कर रहे हैं। लेकिन हमें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। परिवार और क्षेत्रवाद का जड़ से खात्मा करने का काम मुख्यमंत्री ने किया, आज इन्हें वही तड़प है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की दूरदर्शी सोच- नियत और नियति के कारण आज हरियाणा का प्रत्येक काबिल बच्चा सरकार के साथ है। खेलों में हम आगे बढ़े हैं। हर खेत तक हमने पानी पहुंचाया है। हर गांव में 24 घंटे बिजली दी है। 19 फसलों को सरकारी रेट पर खरीद रहे हैं। किसान की जेब में अगले ही दिन उनकी फसल का पैसा पहुंच रहा है। बुढ़ापा- विकलांग- विधवा पेंशन को इन्होंने अपमान भत्ता बनाया था, हमने इसे सम्मान भत्ता बनाया है। जनसंवाद कार्यक्रम में हस्तक्षेप करना इनकी ओछी राजनीति का नतीजा है। हमने कॉलेज- मेडिकल कॉलेज बनवाए। जन सुविधाएं देने का काम किया। कांग्रेस पार्टी झूठे विषयों को उठाने में लगी रहती है। विधानसभा में भूपेंद्र सिंह हुड्डा को जवाब तक नहीं देना आता और वह भाग जाते हैं। भाजपा भ्रष्टाचार मुक्त शासन देने के लिए वचनबद्ध है। जनता के विश्वास पर हम खरे उतरे हैं। कांग्रेसी रोज रात को मुख्यमंत्री बन कर सोते हैं और सुबह अपने बेडरूम में उठते हैं और अगले 5 साल तक यही दौर चलता रहेगा।

                         (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)          


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ajay Kumar Sharma

Recommended News

Related News

static