मार्केट में Thar से स्टंट करने वाले 3 काबू, कार भी बरामद
punjabkesari.in Thursday, Aug 20, 2026 - 06:50 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-56 मार्केट में देर रात को थार गाड़ी से स्टंट करने के मामले में गुड़गांव पुलिस ने तीन आरोपियों को काबू कर लिया है। आरोपियों को नियमानुसार मामले की जांच में शामिल किया गया है। आरोपियों की पहचान सक्षम (उम्र 19 वर्ष) निवासी गांव सरगोल, सेक्टर-17/18, गुरुग्राम, सचिन (उम्र 21 वर्ष) निवासी गांव संपका, पटौदी, गुरुग्राम तथा अंकित शर्मा (उम्र 21 वर्ष) निवासी गांव लकड़ीताल भुयाडी, जिला ईस्ट सिंहभूम, झारखंड के रूप में हुई है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपी सक्षम कार को लापरवाही से चलाकर स्टंट कर रहा था तथा आरोपी सचिन कार पर लटककर स्टंट कर रहा था, जबकि आरोपी अंकित शर्मा द्वारा उक्त स्टंट का वीडियो बनाया गया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से थार गाड़ी भी बरामद कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आपको बता दें कि 19 अगस्त को सोशल मीडिया के माध्यम से सेक्टर-56 थाना पुलिस को एक वीडियो मिली थी। वीडियो में थार से युवक स्टंट करते दिखाई दे रहे थे। थार गाड़ी से चालक ड्रिफ्टिंग कर रहा था जबकि एक युवक थार के गेट पर लटका हुआ था। रात के वक्त मार्केट में किए जा रहे स्टंट को जब लोगों ने देखा तो उन्होंने पार्किंग में खड़ी अपनी गाड़ियों को हटा लिया और वहां से चले गए, लेकिन यह युवक काफी देर तक यहां स्टंटबाजी करते रहे। इसका विडियो बनाकर उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। यह वीडियो जब पुलिस तक पहुंचा तो पुलिस ने मामले में केस दर्जकर आरोपियों को काबू कर लिया।