नई व्यवस्था: वीआईपी कल्चर पर लगाम! प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन के लिए अब रैंडम मिलेंगे टोकन... बिचौलियों का खेल खत्म
punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2026 - 08:23 AM (IST)
चंडीगढ़: संपत्ति पंजीकरण की प्रक्रिया को आसान, पारदर्शी और तेज बनाने के लिए अब तहसील और उप-मंडल स्तर के हर रजिस्ट्रेशन ऑफिस में रोजाना सिर्फ 20 टोकन जारी किए जाएंगे। यह नई व्यवस्था वीरवार से पूरे राज्य में लागू हो गई है। इस बदलाव के बाद अब लोग पहले की तरह भीड़ या सिफारिश के भरोसे नहीं रहेंगे। हर दिन रैंडम तरीके से टोकन जारी किए जाएंगे जिससे सभी आवेदकों को बराबर मौका मिलेगा।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की वित्त आयुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा ने सभी जिलों के उपायुक्तों को इस नई व्यवस्था को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय और उप-मंडल स्तर के रजिस्ट्रार कार्यालयों में रोजाना 20-20 टोकन रैंडम आधार पर दिए जाएंगे। इसका मतलब यह है कि किसी को पहले से कोई खास फायदा नहीं मिलेगा और न ही अपॉइंटमेंट तय करने में पक्षपात होगा।
वीआईपी कल्चर और बिचौलियों पर लगेगी रोक
डॉ. सुमिता मिश्रा ने कहा कि इस व्यवस्था का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि अब हर नागरिक को समान अवसर मिलेगा। साथ ही बिचौलियों और एजेंटों की ओर से किए जाने वाले गलत दावों और शोषण पर भी रोक लगेगी। अब संपत्ति रजिस्ट्रेशन में न तो लाइन का झंझट रहेगा और न सिफारिश का असर। हर टोकन धारक का काम तय समय में पूरा करना अनिवार्य होगा। हालांकि उप-तहसील स्तर पर पहले जैसी व्यवस्था जारी रहेगी और वहां कोई बदलाव नहीं किया गया है।