वेतन के लिए निगमकर्मियों की टूल डाउन हड़ताल, भटकते रहे लोग

punjabkesari.in Saturday, Sep 18, 2021 - 08:50 AM (IST)

फरीदाबाद (ब्यूरो): दो महीने से वेतन व रिटायर्ड कर्मचारियों के पेंशन का भुगतान न किए जाने से नाराज नगर निगम के हजारों कर्मचारियों ने निगम मुख्यालय के विभिन्न गेटों पर तालाबंदी कर टूलडाउन हड़ताल पर चले गए। हड़ताल के कारण किसी भी ब्रांच में कोई कामकाज नहीं हो सका। यही नहीं शुक्रवार को न तो कहीं झाडू लगी और न ही कहीं सफाई हुई। इससे जनता को परेशानी का सामना करना पड़ा। बड़ी संख्या में लोग निगम आकर वापस लौटने को मजबूर हुए। निगम कर्मचारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सोमवार तक वेतन का भुगतान कराने की व्यवस्था नहीं की गई तो निगम कर्मचारी आगे भी टूलडाउन हड़ताल पर जा सकते हैं। इस हड़ताल में म्यूनिसपल कारपोरेशन इंप्लाइज फेडरेशन, नगर पालिका सफाई कर्मचारी यूनियन और नगर निगम कर्मचारी यूनियन शामिल हुई।

नाराज नगर निगम के तीनों यूनियनों के पदाधिकारी सुबह करीब साढ़े नौ बजे नगर निगम मुख्यालय पहुंचे और सभी गेटों पर तालाबंदी कर दी। मेन गेट को खोले रखा। अधिकारी अपने आफिस में बैठे रहे लेकिन कोई कर्मचारी अपने सीट पर नहीं बैठा। तालाबंदी करने के बाद कर्मचारी गेट के बाहर ही धरने पर बैठ गए। ये हड़ताल एनआईटी, बल्लभगढ़ और ओल्ड फरीदाबाद जोन में भी रही।

गेटों में तालाबंदी और टूल डाउन हड़ताल होने के कारण के किसी भी ब्रांच में कोई कामकाज नहीं हुआ। ऐसे में बड़ी संख्या में प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने, जन्म व मुुत्यु प्रमाण पत्र बनवाने, प्रॉपर्टी आईडी बनवाने आदि कामों के लिए आए लोगों को वापस लौटना पड़ा। सफाई कर्मचारियों के हड़ताल में शामिल होने के कारण पूरे शहर में न तो कहीं साफ सफाई हुई और न ही कहीं झाडू लगे। टूलडाउन हड़ताल की अध्यक्षता फेडरेशन के प्रधान रमेश जागलान ने की। मंच का संचालन उद्यान विभाग के महासचिव सुरजीत नागर ने किया। नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने कहा कि नगर निगम व हरियाणा सरकार की तानाशाही को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। रिटायर कर्मचारी पेंशन के लिए दर दर भटक रहे हैं उन्हें पेंशन तक नहीं मिल रही है। कर्मचारियों को दो दो महीने तक वेतन नहीं दिया जा रहा है। ऐसे में कर्मचारियों का परिवार खर्च कैसे चलेगा। लोग कर्ज लेने को मजबूर हैं।

उन्होंने कहा कि आगे सब मिलकर एक बडा आन्दोलन करेंगे। जब तक कर्मचारियों की सभी मांगे पूरी नहीं होगी तब तक आन्दोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन में फेडरेशन उपप्रधान शाहाबीर खान, रमेश पहलवान, रणसिंह भडाना, मटरू लाल, सेवानिवृत्त कर्मचारी प्रधान यूएम खान, कार्यालय कर्मचारी यूनियन प्रधान नरेश बैंसला, राम बिहारी, प्रमोद रोहिल्ला, राजपाल तेवतिया, शशी अधाना, दयानन्द पाली, लालाराम नरवत, राजेंद्र सिंह, विजयपाल पटवारी, धीर सिंह, महेन्द्र पाल, हरेराम सौरोत, करन सिह, कर्मचन्द बघेल, भूपसिंह, विनोद कुमार, श्यामवती, सुमन, उषा, सीता राम शर्मा, टेकचन्द शर्मा, अतर सिंह भडाना, मोहन देशवाल, नरेन्द्र कुमार व खजान सिंह आदि शामिल रहे। 
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vinod kumar

Recommended News

Related News

static