महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी पर राष्ट्रीय महिला आयोग का संज्ञान, स्टैंड-अप कॉमेडियन सहित तीन पर केस
punjabkesari.in Tuesday, Jun 16, 2026 - 07:52 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): साइबर सिटी गुरुग्राम के साइबर हब में आयोजित स्टैंड-अप कॉमेडी शो के दौरान महिलाओं पर की गई अभद्र (भद्दी) टिप्पणी का मामला अब पूरी तरह तूल पकड़ चुका है। इस मामले में गुरुग्राम पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन प्राणित मोरे और एक वेब डेवलपर हिमांशु जांगड़ा के खिलाफ सोमवार को डीएलएफ फेज-दो थाने में मामला दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई राष्ट्रीय महिला आयोग की चेयरपर्सन विजया राहटकर की शिकायत और सोशल मीडिया पर लोगों के भारी गुस्से को देखते हुए की गई है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला12 अप्रैल का है। गुरुग्राम के पॉश इलाके साइबर हब में एक स्टैंड-अप कॉमेडी शो का आयोजन किया गया था। इस शो के दौरान कॉमेडियन प्राणित मोरे ने महिलाओं को लेकर कुछ ऐसी बातें कहीं, जिन्हें लोगों ने बेहद आपत्तिजनक और महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला माना। शो के दौरान सबसे ज्यादा विवाद एक खास टिप्पणी पर हुआ, जिसमें कहा गया था कि 370 रुपये की बिरयानी खिलाकर महिलाओं पर टिप्पणी... की जा सकती है। जब इस शो का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड हुआ, तो यह तेजी से वायरल हो गया। इंटरनेट पर लोगों ने इस वीडियो को देखकर कड़ी नाराजगी जताई और इसे महिलाओं का खुला अपमान बताया।
सोशल मीडिया पर बढ़ते विरोध के बाद यह मामला राष्ट्रीय महिला आयोग के पास पहुंचा। महिला आयोग की राष्ट्रीय अध्यक्ष विजया किशोर राहटकर ने इस वीडियो का खुद संज्ञान लिया। उन्होंने कड़े शब्दों में साफ किया कि कॉमेडी या मनोरंजन के नाम पर महिलाओं के खिलाफ इस तरह की फूहड़ और अपमानजनक टिप्पणियों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। आयोग की अध्यक्ष की तरफ से तुरंत गुरुग्राम पुलिस को एक लिखित शिकायत भेजी गई। इस शिकायत के आधार पर ही डीएलएफ फेज-दो थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 294, 353(3), 75(2), 75(3) व आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत एफआईआर दर्ज की गई। इसमें प्राणित मोरे के साथ-साथ वेब डेवलपर हिमांशू जांगड़ा को भी आरोपी बनाया गया है।
सोशल मीडिया पर भारी बवाल होने और कानूनी कार्रवाई की तलवार लटकने के बाद, सोमवार को कॉमेडियन प्राणित मोरे ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी किया। उन्होंने अपने किए पर खेद जताते हुए जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि माफी मांगने के बावजूद कानूनी प्रक्रिया रुकने वाली नहीं है और कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने इस मामले में कॉमेडियन प्राणित मोरे के साथ-साथ वेब डेवलपर हिमांशु जांगड़ा को भी आरोपी बनाया है। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि इस विवादित वीडियो को इंटरनेट पर प्रमोट करने और अपलोड करने में किसकी क्या भूमिका थी। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय महिला आयोग से मिली शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। साइबर हब के उस कार्यक्रम के सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। इस समय वीडियो की तकनीकी जांच की जा रही है। जल्द ही दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए नोटिस भेजा जाएगा और जांच में सामने आए सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।