मुरथल पराठा खाने जा रहे दिल्ली के दोस्तों के साथ दर्दनाक हादसा, पिकअप की टक्कर से एक की मौत... 4 घायल
punjabkesari.in Tuesday, Jul 21, 2026 - 11:21 AM (IST)
सोनीपत: मुरथल के ढाबों पर पराठा खाने दिल्ली से आ रहे पांच दोस्तों का सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया। कुंडली के पास तेज रफ्तार पिकअप ने एक बाइक को टक्कर मार दी, जिससे एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी पिकअप चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली के समयपुर बादली निवासी नितेश ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वह अपने दोस्तों गोलू, सचिन, निखिल और गोविंद के साथ अलग-अलग बाइकों पर मुरथल जा रहे थे। कुंडली के निकट पीछे से तेज गति से आई एक पिकअप ने सचिन की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सचिन और निखिल सड़क पर गिर गए। साथियों को गिरता देख पीछे आ रहे मोनू ने बाइक रोकने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से उनकी बाइक भी फिसल गई। हादसे में नितेश, गोलू, सचिन और निखिल गंभीर रूप से घायल हो गए।
गोविंद ने राहगीरों की मदद से सभी घायलों को नरेला के राजा हरिशचंद्र अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें आगे उपचार के लिए आंबेडकर अस्पताल रेफर कर दिया गया। निखिल की हालत गंभीर होने पर उसे सफदरजंग अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। संवाद