NH-44 पर भीषण हादसा: कार का पंक्चर टायर बदल रहे युवकों को ट्रक ने कुचला, मौके पर 2 दर्दनाक मौत...1 घायल

punjabkesari.in Thursday, Jul 16, 2026 - 09:59 AM (IST)

गन्नौर(कपिल):  राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर गन्नौर के बाल भवन स्कूल के समीप बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में कार का पंक्चर टायर बदल रहे दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से भाग गया। सूचना मिलने पर बड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

 जानकारी अनुसार गांव शाहपुर तगा निवासी सुनील अपनी चेचेरी बहन व उसके पति फरीदाबाद के गांव घरोरा निवासी उमेश व उसके साथी अमित के साथ समालखा से अपने चेचेरे भाई का पता लेकर कार में घर लौट रहे थे। रास्ते में बाल भवन स्कूल के पास कार का टायर पंक्चर हो गया। कार को सडक़ किनारे खड़ा कर दो युवक टायर बदल रहे थे, जबकि तीसरा उनके साथ मौजूद था। वही मोहित की बहन साइड किनारे खड़ी हो गई। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि शाहपुर तगा निवासी सुनील और फरीदाबाद के गांव घरोरा निवासी अमित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुनील का जीजा उमेश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर सोनीपत के नागरिक अस्पताल भिजवा दिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि मौके से भागे ट्रक चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। मामले की जांच जारी है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static