कुरुक्षेत्र में ट्रेन हादसा: ''जय महाकाल'' लिखी टी-शर्ट वाले व्यक्ति की दर्दनाक मौत, शव की शिनाख्त में जुटी GRP
punjabkesari.in Tuesday, May 12, 2026 - 08:24 AM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): कुरुक्षेत्र-नरवाना रेल लाइन पर एक अज्ञात व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि मृतक की एक बाजू कटकर शरीर से अलग हो गई। घटना की सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार पिंडारसी और थानेसर रेलवे स्टेशन के बीच किलोमीटर नंबर 70/16-17 के पास रेलवे ट्रैक के बीचों-बीच एक व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना GRP को मिली थी। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में मामला ट्रेन की चपेट में आने का सामने आया है।
पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र करीब 38 से 40 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। हादसे के दौरान शरीर पर गंभीर चोटें आईं और एक बाजू कटकर अलग हो गई। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी।
जांच अधिकारी एसआई विकास कुमार ने बताया कि मृतक ने भगवा रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी, जिस पर काले अक्षरों में “जय महाकाल” लिखा हुआ था। इसके अलावा उसने भूरे रंग का लोअर पहना हुआ था। फिलहाल शव को पहचान के लिए एलएनजेपी अस्पताल कुरुक्षेत्र के शवगृह में रखवाया गया है। GRP ने आसपास के पुलिस थानों से भी संपर्क किया है, ताकि मृतक की पहचान हो सके। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।