HCS अधिकारी आशुतोष राजन की माता कृष्णा धम्मी को श्रद्धांजलि, रणदीप सुरजेवाला बोले- ''मां का स्थान संसार में कोई नहीं ले सकता''
punjabkesari.in Wednesday, Jul 08, 2026 - 07:16 PM (IST)
चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा के वरिष्ठ एचसीएस अधिकारी एवं पंचायत विभाग में अतिरिक्त निदेशक के पद पर कार्यरत आशुतोष राजन की माता कृष्णा धम्मी के निधन पर बुधवार को आयोजित शोकसभा में राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक क्षेत्र की अनेक हस्तियां शामिल हुईं। सभी ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
राष्ट्रीय कांग्रेस के महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि "मां केवल एक शब्द नहीं, बल्कि पूरा संसार है। मां की जगह इस दुनिया में कोई नहीं ले सकता।" उन्होंने कहा कि मां का स्नेह, त्याग और आशीर्वाद मनुष्य के जीवन की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। माता का निधन ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं हो सकती।

हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि "मां परिवार की पहली गुरु, पहली मित्र और सबसे बड़ी प्रेरणा होती है। मां का आशीर्वाद जीवनभर संबल देता है। माता-पिता का स्नेह और संस्कार ही व्यक्ति को ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं। मां के जाने का दुख जीवनभर बना रहता है, लेकिन उनके संस्कार हमेशा मार्गदर्शन करते हैं।"
हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री चन्द्र मोहन ने कहा कि "मां ममता, त्याग, करुणा और निस्वार्थ प्रेम की साक्षात प्रतिमूर्ति होती है। मां के आंचल में ही जीवन की पहली शिक्षा और संस्कार मिलते हैं। संसार की कोई भी शक्ति मां के प्रेम और उसके स्थान की बराबरी नहीं कर सकती।" उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
शोकसभा में आदित्य सुरजेवाला, अकरम खान, सुभाष सुधा, दिनेश अडलखा, अनिल धंतौड़ी, श्याम सिंह राणा, राव नरेंद्र, रेखा शर्मा, तरुण भंडारी, वरिंदर बड़ खालसा, देवेंद्र कल्याण, लहरी सिंह, जाकिर हुसैन, देवेंद्र कादयान, अनिल ठाकर, लतिका शर्मा, श्याम लाल बंसल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और शुभचिंतक उपस्थित रहे।
शोकसभा में उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत कृष्णा धम्मी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा दो मिनट का मौन रखकर उनकी पावन स्मृति को नमन किया। सभी वक्ताओं ने कहा कि दिवंगत कृष्णा धम्मी का स्नेहपूर्ण व्यक्तित्व और उनके द्वारा दिए गए संस्कार सदैव परिवार तथा उनसे जुड़े लोगों के लिए प्रेरणा बने रहेंगे।
अंत में सभी ने आशुतोष राजन एवं उनके परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान तथा परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)