नशे के सौदागरों पर शिकंजा, यमुनानगर में 6 हजार प्रतिबंधित कैप्सूल सहित 2 आरोपी गिरफ्तार, ऐसे चढ़े दोनों पुलिस के हत्थे
punjabkesari.in Wednesday, Sep 16, 2026 - 10:11 AM (IST)
यमुनानगर (परवेज खान) : यमुनानगर में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने चुना भट्टी जगाधरी के नजदीक नाकाबंदी के दौरान एक युवक को 6 हजार प्रतिबंधित अल्प्राजोलम गोलियों सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान आजाद नगर निवासी आशु गुप्ता के रूप में हुई है। डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि एंटी नारकोटिक सेल के इंचार्ज अनिल कुमार की टीम को सूचना मिली थी कि एक युवक बाइक पर सवार होकर प्रतिबंधित नशीली दवाइयां लेकर यमुनानगर आएगा। सूचना के आधार पर टीम ने चुना भट्टी के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान छछरौली की तरफ से बाइक पर आ रहा युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट ईटीओ वीरेंद्र कुमार की मौजूदगी में तलाशी ली गई। ड्रग कंट्रोलर डॉक्टर बिंदु शर्मा की जांच रिपोर्ट में बरामद दवाइयां अल्प्राजोलम की 6 हजार गोलियां पाई गईं। पुलिस के अनुसार आरोपी इनके संबंध में कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सका।
पूछताछ में आशु ने पुलिस को बताया कि वह ये प्रतिबंधित दवाइयां रामपुर खादर निवासी शैलेंद्र से लेकर आया था। इसके बाद पुलिस ने मुख्य सप्लायर शैलेंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक शैलेंद्र ने नत्थनपुर बस स्टैंड पर अस्पताल खोला हुआ है, जिसकी भी जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित दवाइयां कहां से लाई गईं और आगे कहां सप्लाई होनी थीं।