गुड़गांव में कहासुनी के बाद युवक से मारपीट कर पिस्टल से हमला
punjabkesari.in Wednesday, Aug 26, 2026 - 09:37 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): न्यू पालम विहार में आपसी कहासुनी के बाद युवक के साथ मारपीट करने और पिस्टल की बट से हमला कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। दोनों को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त को एक युवक ने बजघेड़ा थाने में शिकायत दी थी कि 17 अगस्त को वह न्यू पालम विहार में अपने दोस्तों के साथ बैठा था। इसी दौरान आशु राणा नामक युवक वहां पहुंचा। शिकायतकर्ता ने उसे कमरे में चप्पल उतारकर आने के लिए कहा, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई और आशु ने उसके साथ गाली-गलौज की। आरोप है कि कुछ समय बाद आशु अपने एक साथी के साथ पिस्टल लेकर वहां पहुंचा। दोनों ने युवक के साथ मारपीट की और आशु ने पिस्टल की बट से उस पर वार किया। इसके बाद आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत के आधार पर बजघेड़ा थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया।
मामले की जांच के दौरान सेक्टर-39 क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए साईं कुंज, न्यू पालम विहार के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान आशु राणा (20), निवासी बजघेड़ा और सागर कादियान (22), निवासी साईं कुंज, न्यू पालम विहार के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि शिकायतकर्ता और आशु राणा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।