चाकू के बल पर युवक से लूट, नाबालिग सहित दो काबू
punjabkesari.in Tuesday, Oct 06, 2026 - 09:19 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-37 स्थित सरस्वती एन्क्लेव में चाकू के बल पर मोबाइल फोन, रुपये और बैग लूटने के मामले में सेक्टर-10 थाना पुलिस ने एक नाबालिग समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, एक अक्टूबर को शिकायतकर्ता गांव से सरस्वती एन्क्लेव आया था। सुबह करीब पांच बजे पटौदी रोड से उतरकर वह एफ-ब्लॉक स्थित शिव मंदिर के पास पहुंचा। इसी दौरान पीछे से आए कुछ युवकों ने उसे चाकू दिखाकर मोबाइल, नकदी और बैग लूट लिया।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने तीन अक्टूबर को रामपुरा चौक के पास एनएच-48 से एक नाबालिग सहित दो आरोपियों को काबू किया। आरोपी की पहचान 19 वर्षीय प्रिंस निवासी गांव दरौली, कानपुर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी सरस्वती एन्क्लेव, गुरुग्राम के रूप में हुई है। दोनों को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की पूर्ति के लिए उन्होंने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने लूटा गया मोबाइल बरामद कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।