मीठी बातों में फंसाकर लूटते थे गहने, 2 शातिर चोर चढ़े पुलिस के हत्थे, कई वारदातों का खुलासा

punjabkesari.in Wednesday, Apr 01, 2026 - 04:31 PM (IST)

रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : शहर में अकेले जा रहे बुजुर्ग महिला-पुरुषों को अपनी मीठी बातों में फंसाकर सोने के आभूषण और नकदी ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का CIA रेवाड़ी ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ठगी के दो जोड़ी सोने के कुंडल बरामद किए हैं। आरोपियों की पहचान राजस्थान के जिला खैरथल-तिजारा के मातोर रोड निवासी गोविंद और मोहल्ला गुर्जरवाड़ा, रेवाड़ी निवासी राजकुमार के रूप में हुई है। 

डीएसपी बावल सुरेंद्र श्योराण ने प्रेस वार्ता में बताया कि 9 फरवरी को मोहल्ला बंजारवाड़ा निवासी एक बुजुर्ग महिला को दोनों आरोपियों ने रोककर बातों में उलझाया और कहा कि उनकी लॉटरी निकली है। लालच में लेकर उन्होंने महिला के कानों से सोने के कुंडल उतरवा लिए। इसके बाद बहाना बनाकर आरोपी मौके से फरार हो गए। इसी प्रकार 6 फरवरी को पीएनबी बैंक, सर्कुलर रोड के पास एक अन्य बुजुर्ग महिला को भी दोनों शातिरों ने अपना शिकार बनाया। वहां उन्होंने महिला को भरोसे में लेकर एक जोड़ी सोने के कुंडल और 6 हजार रुपये नकद ठग लिए। 

दोनों घटनाओं के बाद थाना शहर रेवाड़ी में अलग-अलग ठगी के मुकदमे दर्ज किए गए, जिनकी जांच CIA रेवाड़ी को सौंपी गई। जांच के दौरान CIA टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।

शुक्रवार को पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने दोनों वारदातों को अंजाम देना कबूल कर लिया, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर ठगे गए सोने के दो जोड़ी कुंडल बरामद किए गए। अदालत में पेश करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। 

पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी विशेष रूप से ऐसे बुजुर्ग महिला-पुरुषों को निशाना बनाते थे, जो अकेले आते-जाते हों। जैसे ही पीड़ित उनके जाल में फंसता, आरोपी मौके का फायदा उठाकर आभूषण और नकदी लेकर फरार हो जाते थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी गोविंद के खिलाफ राजस्थान के अलवर और खैरथल-तिजारा के विभिन्न थानों में ठगी के 12 मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं आरोपी राजकुमार के खिलाफ जिला महेंद्रगढ़ और राजस्थान के अलग-अलग थानों में 6 मामले दर्ज हैं।  

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)         

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static