पुलिस का बड़ा ''एक्शन'': मंदिरों को लूटने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, हनुमान मंदिर चोरी का हुआ पर्दाफाश

punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2026 - 05:20 PM (IST)

रेवाड़ी(महेंद्र भारती):  धार्मिक स्थलों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर आरोपी को सीआईए रेवाड़ी की टीम ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। निरीक्षक सुमेर सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई ने इलाके में हुई कई मंदिर चोरी की घटनाओं से पर्दा उठाया है। डीएसपी ट्रैफिक पवन कुमार ने वीरवार को आयोजित प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि 13 मार्च को गांव जाडरा स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के महंत अमित कुमार ने शिकायत दर्ज करवाई थी। 

शिकायत में बताया गया कि उनकी गैरमौजूदगी में चोरों ने मंदिर परिसर में बने कमरे का ताला तोड़कर अलमारी से करीब 20 हजार रुपये नकद, लगभग आधा किलोग्राम चांदी का मुकुट, एक खाली गैस सिलेंडर सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना रामपुरा पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। 

जांच के दौरान सीआईए रेवाड़ी ने कार्रवाई करते हुए बुधवार को जिला गुरुग्राम के गांव खोड़ निवासी रोहित को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपने भाई के साथ मिलकर गांव कहाड़ी के दो अन्य मंदिरों में भी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस अब अन्य मामलों की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है। 

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, ताकि उससे गहन पूछताछ कर चोरी में शामिल अन्य लोगों और सामान की बरामदगी की जा सके। पुलिस का कहना है कि फरार अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने वाली इन घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े किए हैं, लेकिन पुलिस की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट है कि अपराधियों के खिलाफ सख्ती जारी है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static