आधी रात को हाई-वोल्टेज ड्रामा: मेडिकल कॉलेज के मैनेजमेंट को लेकर भिड़े दो गुट; थप्पड़ कांड का वीडियो वायरल

punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2026 - 05:59 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): जिले के शाहाबाद स्थित मीरी-पीरी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च में शुक्रवार देर रात उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब संस्थान के प्रबंधन को लेकर चल रहा विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। जानकारी के अनुसार, हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (HSGMC) के मीट प्रधान (जूनियर) गुरबीर सिंह तलाकौर एक बैठक में मौजूद थे, तभी एक व्यक्ति ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। बीच-बचाव के बावजूद आरोपी ने दोबारा भी थप्पड़ जड़ दिए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।

बताया जा रहा है कि HSGMC नेता बलजीत सिंह दादूवाल अपने समर्थकों के साथ कर्मचारियों के समर्थन में संस्थान पहुंचे थे। इसी दौरान SGPC और संस्थान से जुड़े अन्य लोग भी वहां पहुंच गए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और विवाद बढ़ता चला गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। इस दौरान दादूवाल और शाहाबाद के DSP के बीच भी तीखी बहस हो गई। DSP ने सख्त लहजे में कहा कि बिना प्रशासनिक आदेश के कोई कब्जा नहीं होगा, जबकि दादूवाल ने कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए अपनी बात रखी।

हालात बिगड़ते देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और दादूवाल को सुरक्षा घेरे में वहां से बाहर निकालना पड़ा। वहीं, घटना के बाद SGPC से जुड़े पदाधिकारियों ने थाना शाहाबाद में दादूवाल और उनके साथियों के खिलाफ शिकायत दी है। दूसरी ओर, दादूवाल ने आरोप लगाया कि विरोधी पक्ष ने बाहरी लोगों को बुलाकर उनके साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने भी पुलिस को शिकायत देने की बात कही है।

गौरतलब है कि मीरी-पीरी संस्थान के प्रबंधन को लेकर लंबे समय से HSGMC और SGPC के बीच विवाद चल रहा है। अब यह विवाद खुलकर सामने आ गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static