करोड़ों का बकाया, अब नीलामी की बारी! यमुनानगर में दो राइस मिल की 3 जून को होगी नीलामी

punjabkesari.in Thursday, May 14, 2026 - 12:14 PM (IST)

यमुनानगर : हरियाणा के बहुचर्चित धान-चावल घोटाले में फंसी 'न्यू किसान राइस मिल' पर प्रशासन का डंडा चलने वाला है। जगाधरी तहसील प्रशासन ने मिल की चल और अचल संपत्ति की सार्वजनिक नीलामी का शेड्यूल जारी कर दिया है। यह कार्रवाई करोड़ों रुपये की बकाया रिकवरी और एफसीआई (FCI) में चावल जमा न कराने के चलते की जा रही है।

यह नीलामी 3 जून को सुबह 10 बजे किसान राइस मिल परिसर में नगर होगी। दोनों मिलों के लिए 1 करोड़ 79 लाख 7 हजार 800 रुपए का रिजर्व प्राइस तय किया गया है। नोटिस के अनुसार 14 कनाल 10 मरले जमीन, मशीनरी और शेड की सार्वजनिक बोली लगाई जाएगी। बोलीदाताओं को 25 प्रतिशत राशि मौके पर जमा करनी होगी। 8 मार्च को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने पुलिस की मौजूदगी में इन मिलों पर कब्जा लिया था। 

मिल मालिक जावेद खान द्वारा चाबियां न देने पर अधिकारियों ने ताले तुड़वाए थे। विभाग का आरोप है कि जावेद खान पर करोड़ों रुपये की रिकवरी लंबित है और उसे डिफॉल्टर घोषित किया जा चुका है। विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार दोनों मिलों पर करीब 8 करोड़ रुपए बकाया है। जांच में सामने आया कि केएमएस 2024-25 में मिले धान के बदले निर्धारित मात्रा में चावल एफसीआई में जमा नहीं कराया गया। प्रशासन अब बकाया वसूली के लिए नीलामी प्रक्रिया आगे बढ़ा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static