यमुनानगर में लूटकांड का पर्दाफाश, महिला समेत दो बेटों को किया गिरफ्तार, चौंकीदार को बंधक बनाकर लूटे थे लाखों रुपए

punjabkesari.in Tuesday, Aug 04, 2026 - 06:01 PM (IST)

यमुनानगर (परवेज खान) : यमुनानगर में पुलिस ने महज तीन दिन के भीतर एक सनसनीखेज लूटकांड का पर्दाफाश कर दिया है। हैरानी की बात यह है कि इस वारदात को किसी गैंग ने नहीं, बल्कि एक महिला ने अपने ही दो बेटों के साथ मिलकर अंजाम दिया। आरोप है कि तीनों ने प्लाईवुड कारोबारी के घर में घुसकर चौकीदार को चाकू की नोक पर बंधक बनाया और लाखों रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। अब अपराध शाखा-1 ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

बता दें कि 31 जुलाई और 1 अगस्त की दरम्यानी रात प्रोफेसर कॉलोनी में रहने वाले प्लाईवुड कारोबारी भूवनेश बंसल के घर में बेखौफ बदमाश दाखिल हुए। सबसे पहले घर के चौकीदार को चाकू दिखाकर बंधक बनाया गया और फिर घर के अंदर रखी करीब 3 लाख रुपये की नकदी और चांदी का सिक्का लूट लिया गया। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कई टीमें मैदान में उतार दीं। टीम ने आजाद नगर निवासी वर्षा रानी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटा गया चांदी का सिक्का और 50 हजार रुपये बरामद कर लिए। 

पूछताछ में सबसे चौंकाने वाला खुलासा तब हुआ, जब महिला ने बताया कि उसने यह पूरी वारदात अपने दोनों बेटों हर्ष और मनप्रीत के साथ मिलकर अंजाम दी थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस तीनों को रिमांड पर लेकर लूट की बाकी रकम, वारदात में इस्तेमाल हथियार और कार की बरामदगी के लिए पूछताछ करेगी। सीआईए 1 इंचार्ज राजकुमार का कहना है कि शुरुआती जांच में आरोपियों ने वारदात कबूल कर ली है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं तीनों किसी अन्य आपराधिक वारदात में भी शामिल तो नहीं रहे। फिलहाल तीनों आरोपी पुलिस गिरफ्त में हैं और मामले की जांच लगातार जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static