सोनीपत में भयानक हादसे ने छीना 2 परिवारों का सहारा, अनियंत्रित बाइक डिवाइडर और खंभे से टकराई; दो दोस्तों ने मौके पर ही तोड़ा दम

punjabkesari.in Monday, Nov 02, 2026 - 04:20 PM (IST)

सोनीपत (सुशील मोर) : दोस्त को हाईवे तक छोड़ने निकले दो युवकों की जिंदगी का सफर रास्ते में ही थम गया। ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी के नजदीक रविवार देर रात उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर और फिर सड़क किनारे खंभे से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार गांव सोहटी निवासी विजय (25) और उनके दोस्त दिनेश (26) की मौके पर ही मौत हो गई। एक साथ दो जवान बेटों की मौत ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार गांव सोहटी निवासी सत्यवान ने बताया कि उनका भतीजा विजय (25) मानेसर स्थित मारुति कंपनी में नौकरी करता था। रविवार रात को गांव के ही उसका दोस्त दिनेश (26) बाइक पर हाईवे तक छोड़ने के लिए निकला था। देर रात करीब एक बजे दोनों ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी के नजदीक पहुंचे ही थे कि अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई। बाइक पहले सड़क किनारे डिवाइडर से टकराई और फिर पास ही लगे खंभे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही गांव और परिवारों में चीख-पुकार मच गई।

हादसे की जानकारी देते हुए पुलिस प्रेस प्रवक्ता रवींद्र कुमार ने बताया कि कल देर रात सूचना मिली थी की बाइक सवार दो युवकों की हादसे में मौत हो गई है।बाइक सवार गांव सोहटी निवासी विजय (25) और उनके दोस्त दिनेश (26) की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों युवकों के शवों को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल सोनीपत के शवगृह में भिजवाया, जहां पंचनामा कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static