सोनीपत में करंट के झटके ने छीनी 2 जिंदगियां, तीसरी मंजिल पर शैड लगाते समय हाईटेंशन तार की चपेट में आए युवक व किशोर
punjabkesari.in Friday, Oct 23, 2026 - 11:34 AM (IST)
सोनीपत : ककरोई रोड स्थित देवनगर में वीरवार को दुकान की तीसरी मंजिल पर शैड लगाने दौरान हाईटेंशन् बिजली लाइन की चपेट में आने से युवक और किशोर की मौत हो गई। दोनों वैल्डिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन से छू गया। करंट लगने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और नीचे गिर पड़े।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी जाहिद (23) और रिहान (15) हुई है। दुकानदार सतीश कुमार ने बताया कि दोनों मजदूरी करते थे। इनमें से एक युवक काम मांगने आया था। इसके बाद दोनों को शैड लगाने के काम पर लगा दिया गया। वह खाना खाने के लिए नीचे आए हुए थे। इसी दौरान ऊपर से तेज आवाज सुनाई दी। ऊपर पहुंचने पर दोनों युवक नीचे गिरे हुए मिले।
सूचना मिलने पर सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। सिटी थाना प्रभारी पंकज ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई करेगी। शुक्रवार को शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।