रोहतक में एक साथ नजर आए राजनीति के दिग्गज, कांग्रेस को लेकर ओपी चौटाला के तेवर पड़े नरम

punjabkesari.in Sunday, Jan 15, 2023 - 10:18 PM (IST)

रोहतक(दीपक) : हरियाणा के दो पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला और भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने 2024 में प्रदेश की वर्तमान सरकार की विदाई की बात कही है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर की गई टिप्पणी को भूपेंद्र हुड्डा ने बौखलाहट की भाषा बताते हुए कहा कि निश्चित हो गया है कि 2024 में हरियाणा में कांग्रेस पार्टी की सत्ता आएगी। वहीं कांग्रेस पार्टी को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ओपी चौटाला के तेवर नरम पड़ते नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि 2024 में कांग्रेस की सत्ता की भागीदारी में उन्हें कोई गुरेज नहीं है और 30 जनवरी को भारत जोड़ो यात्रा के कश्मीर में होने वाले समापन कार्यक्रम में भी उनकी पार्टी शामिल होगी। इसी के साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह का कहना है कि कांग्रेस पार्टी आज भी अकेले बीजेपी से मुकाबले के लिए तैयार नहीं है। 

 

PunjabKesari

 

हुड्डा ने 2024 में प्रदेश में कांग्रेस की वापसी का किया दावा

 

दरअसल भूपेंद्र सिंह हुड्डा, ओम प्रकाश चौटाला और बीरेंद्र सिंह कांग्रेस पार्टी के पूर्व  मंत्री सुभाष बत्रा के पिता प्रकाश चंद बत्रा की 104 वीं जयंती  पर आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धांजलि व्यक्त करने के लिए रोहतक पहुंचे थे। इस दौरान भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर की गई टिप्पणी को बौखलाहट की भाषा बताते हुए कहा है कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आत्मविश्वास में रहती है और अब हरियाणा में पार्टी का ग्राफ भी बढ़ रहा है। हुड्डा ने कहा कि अब निश्चित है कि 2024 में हरियाणा में कांग्रेस ही सत्तासीन होगी। वहीं 30 जनवरी को कश्मीर में भारत जोड़ो यात्रा के समापन पर विपक्षी पार्टियों को शामिल होने का न्योता देने के सवाल पर नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यह निमंत्रण यात्रा के उद्देश्य के संदर्भ में दिए गए हैं, ताकि सभी एकजुट रहें, भाईचारा बना रहे और भारत से नफरत दूर हो। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य वोट लेना नहीं है, बल्कि इसका मकसद बेरोजगारी, महंगाई और नफरत के खिलाफ लोगों की आवाज को बुलंद करना है।

 

PunjabKesari

 

कांग्रेस के साथ सत्ता में भागीदारी के लिए ओपी चौटाला ने जताई संभावना

 

कार्यक्रम में पहुंचे हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के तेवर कांग्रेस पार्टी के प्रति नरम पड़ने लगे हैं। उनका कहना है 30 जनवरी को कश्मीर में समाप्त होने वाली भारत जोड़ो यात्रा के कार्यक्रम में इनेलो पार्टी से कोई ना कोई प्रतिनिधि जरूर पहुंचेगा। अगर 2024 में कांग्रेस पार्टी को सरकार बनाने के लिए  उनकी आवश्यकता पड़ी तो वे साथ दे सकते हैं। उन्होंने 2024 में वर्तमान बीजेपी सरकार की विदाई होना तय बताया है। चौटाला ने कहा कि सरकार किसी की भी बने, लेकिन यह तय है कि बीजेपी सरकार सत्ता में नहीं आएगी।

 

PunjabKesari

 

बीरेंद्र सिंह ने भारत जोड़ो को कांग्रेस के लिए बताया संजीवनी

 

खुलकर अपनी बातें कहने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र सिंह ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को कांग्रेस के लिए संजीवनी बताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा सभी विपक्षी पार्टियों को 30 जनवरी को भारत जोड़ो यात्रा के समापन पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण बताता है कि कांग्रेस पार्टी आज भी अकेले अपने दम पर बीजेपी का मुकाबला करने में समर्थ नहीं है। उन्होंने कहा कि 2024 के चुनाव के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री को कुछ राजनीतिक मुद्दों के बारे में बताया है, जिससे बीजेपी को फायदा होगा।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)       

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Gourav Chouhan

Recommended News

Related News

static