Vinesh Phogat पति सोमवीर के साथ भूपेंद्र हुड्डा से की मुलाकात, बबीता फोगाट के खिलाफ चुनाव लड़ने की चर्चा !

punjabkesari.in Friday, Aug 23, 2024 - 07:13 PM (IST)

हरियाणा डेस्कः रेसलर विनेश फोगाट ने  के विधानसभा चुनाव लड़ने की चर्चाएं जोरों पर हैं। इस बीच विनेश ने पति सोमवीर संग भूपेंद्र हुड्डा से मुलाकात की। जिससे उनके चुनाव लड़ने की चर्चाओं को जोर मिल गया है। वहीं आज शाम विनेश फोगाट की प्रियंका गांधी से भी मिलने की संभावना जताई जा रही है। बता दें कि विनेश पांच दिन पहले ही भारत लौटी हैं।

पहलवान विनेश फोगट के कांग्रेस में शामिल होने के सवाल पर हरियाणा के पूर्व सीएम और एलओपी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, "यह एक काल्पनिक सवाल है। लेकिन एथलीट सिर्फ एक पार्टी के नहीं होते, वे पूरे देश के होते हैं। अगर कोई पार्टी में शामिल होता है, तो आपको पता चल जाएगा...जो भी पार्टी में शामिल होता है, हम उसका स्वागत करते हैं...लेकिन यह एक काल्पनिक सवाल है। यह उन पर निर्भर करता है। आज उनके साथ अन्याय हुआ है। उन्हें उचित सम्मान दिया जाना चाहिए। उन्हें राज्यसभा में मनोनीत किया जाना चाहिए।"

उन्होंने यह भी कहा, ".मैंने कहा था कि उन्हें वही सम्मान दिया जाना चाहिए जो स्वर्ण पदक विजेता को दिया जाता है। उन्हें वह नहीं दिया गया। सरकार ने उनके लिए रजत पदक सम्मान की घोषणा की। मैंने कहा था कि जैसे सचिन तेंदुलकर को राज्यसभा में मनोनीत किया गया, वैसे ही उन्हें भी मनोनीत किया जाना चाहिए। उनके साथ अन्याय हुआ है, उन्हें न्याय नहीं दिया गया।"

पेरिस ओलंपिक में 50 किलो ग्राम फ्रीस्टाइल कुश्ती में विनेश फोगाट फाइनल में पहुंची थीं, लेकिन फाइनल मुकाबले से पहले उनका वजन 100 ग्राम अधिक पाया गया, जिससे वे डिसक्वालीफाई हो गईं। इसके बाद 17 अगस्त को भारत लौटने पर उनके गांव बलाली तक 125 किलोमीटर लंबा रोड शो निकाला गया था, जिसमें कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा भी शामिल हुए थे।

दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने मुलाकात की तस्वीर की शेयर

सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने सोशल मीडिया अकाउंट पर विनेश फोगाट और उनके पति सोमवीर राठी के साथ मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने लिखा, “दिल्ली निवास पर देश की बेटी, हरियाणा की शान हमारी बहन विनेश फोगाट और उनके पति भाई सोमवीर राठी से पारिवारिक भेंट हुई।” इस मुलाकात में भूपेंद्र सिंह हुड्डा, दीपेंद्र हुड्डा, और उनकी पत्नी स्वेता मिर्धा भी मौजूद रहीं।

 

चचेरी बहन के खिलाफ चुनाव की चर्चा

विनेश फोगाट की चचेरी बहन और ‘दंगल गर्ल’ बबीता फोगाट फिलहाल बीजेपी में हैं। बबीता ने 2019 का चुनाव बीजेपी की टिकट पर दादरी से लड़ा था। ऐसे में यह चर्चा है कि विनेश कांग्रेस में शामिल होकर अपनी चचेरी बहन बबीता के खिलाफ दादरी से चुनाव लड़ सकती हैं।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Saurabh Pal

Related News

static